Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में 19 नवंबर से सजेगा महिला हॉकी का महाकुंभ, 166 देशों में होगा लाइव प्रसारण; 6 देशों की टीमें भिड़ेंगी

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 होगी। भारत समेत 6 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबलों का लाइव प्रसारण 166 देशों में होगा।
भोपाल में 19 नवंबर से सजेगा महिला हॉकी का महाकुंभ, 166 देशों में होगा लाइव प्रसारण; 6 देशों की टीमें भिड़ेंगी

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। यहां 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होगा। खास बात यह है कि मध्यप्रदेश पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसमें भारत समेत 6 देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण दुनिया के 166 देशों में किया जाएगा।

6 देशों की टीमें दिखाएंगी दम

भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। 10 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

आयोजन को लेकर मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में एमओयू से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी की गई। मंत्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल से ट्रॉफी टूर भी शुरू होगा। यह टूर मध्यप्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगा, जिससे प्रदेशभर में टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ाया जा सके।

हॉकी के साथ दुनिया देखेगी जनजातीय संस्कृति

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सिर्फ हॉकी का रोमांच ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी देखने को मिलेगी। आयोजन परिसर में विशेष ट्राइबल फूड और आर्ट स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके जरिए जनजातीय खानपान, पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। इस आयोजन से प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Breaking News

प्रदेश में 27 हॉकी फीडर सेंटर, 22 एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास

मंत्री विश्वास सारंग के मुताबिक, मध्यप्रदेश में हॉकी की नई प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित हैं। प्रदेश में 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जबकि 7 नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है। उन्होंने कहा कि भोपाल को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है। प्रदेश ने कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।

महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जीते 177 पदक

मध्यप्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 36 पदक जीते हैं।

वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य सहित कुल 141 पदक अपने नाम किए हैं। इस तरह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने कुल 177 पदक हासिल किए हैं। प्रदेश की 3 महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की 7 महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

खेल सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी पहलों के जरिए देश में खेलों को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मानचित्र पर नई पहचान दिलाना और मध्यप्रदेश को वैश्विक खेल केंद्र बनाना सरकार का संकल्प है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts