लाखों की चोरी, ऊपर से बर्थडे केक भी साफ! बंगाल में चोरों की करतूत CCTV में कैद

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन चोरों ने एक बंद मकान में घुसकर करीब 40 मिनट तक चोरी की। इस दौरान वे लाखों रुपये का सामान, नकदी और विदेशी डॉलर लेकर फरार हो गए। लेकिन सबसे हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने के बाद बदमाशों ने फ्रिज में रखा बर्थडे केक भी खा लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने घर के मंदिर में रखी राधा-कृष्ण की मूर्ति को भी सोने का समझकर रगड़कर देखा। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
40 मिनट में लाखों का सामान लेकर हुए फरार
यह घटना दक्षिण 24 परगना के नरेंद्रपुर इलाके के गरिया स्थित फरताबाद की है। जानकारी के मुताबिक, पृथ्वीराज नाम के व्यक्ति ने पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। रात करीब 8 बजे से 8:40 बजे के बीच तीन बदमाश उनके घर में घुसे। जब परिवार वापस लौटा तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। मंदिर में रखी राधा-कृष्ण की मूर्ति के कपड़े फटे हुए थे। फ्रिज का दरवाजा भी खुला था और उसमें रखा उनकी पत्नी का बर्थडे केक आधा खाया हुआ था। इसके बाद परिवार को चोरी होने का पता चला।
खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर
पृथ्वीराज के मुताबिक, तीनों बदमाशों ने खिड़की की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने एक-एक कमरे की तलाशी ली और अलमारियों में रखा कीमती सामान निकाल लिया। चोर घर से 5 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी, कीमती रत्न, विदेशी डॉलर और पत्नी को जन्मदिन पर मिले महंगे उपहार लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने घर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग यानी DVR को भी तलाशने की कोशिश की, लेकिन वे उसे ढूंढ नहीं पाए। इसी वजह से उनकी पूरी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
ये भी पढ़ें: फर्स्ट AC में महिला के 2.50 लाख के गहने और 25 हजार कैश चोरी, 4 बार चेन खींचने पर भी नहीं मिली मदद, रेलवे पर लगाए आरोप
पहले खाया बर्थडे केक, फिर की लाखों की चोरी
CCTV फुटेज में चोरों की अजीब हरकतें दिखाई दे रही हैं। घर में घुसते ही वे सीधे फ्रिज के पास पहुंचे और उसमें रखा बर्थडे केक खाने लगे। इसके बाद तीनों बदमाशों ने करीब 40 मिनट तक पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने अलमारियों से नकदी, विदेशी डॉलर और कीमती सामान निकाला। इसके बाद मुख्य दरवाजे से फरार हो गए।
राधा-कृष्ण की मूर्ति को सोना समझकर रगड़ा
चोरी के दौरान बदमाशों की नजर घर के मंदिर में रखी राधा-कृष्ण की मूर्ति पर भी पड़ी। उन्हें शक हुआ कि मूर्ति सोने की हो सकती है। इसके बाद उन्होंने मूर्ति पर चढ़े कपड़े फाड़ दिए और उसे जमीन पर रगड़कर देखने की कोशिश की। इस दौरान मूर्ति के कपड़े भी खराब हो गए और मंदिर का सामान बिखर गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घर में लगे CCTV फुटेज की मदद से तीनों आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है। इस घटना ने इलाके के लोगों को हैरान कर दिया है। लाखों की चोरी के साथ बर्थडे केक खाने और मंदिर में रखी मूर्ति को रगड़ने की चोरों की हरकत चर्चा का विषय बनी हुई है।




















