Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रदेश में जिन विधायकों के खिलाफ फूटा गुस्सा, वहां भाजपा को मिलेंगे 52% वोट

Follow on Google News
प्रदेश में जिन विधायकों के खिलाफ फूटा गुस्सा, वहां भाजपा को मिलेंगे 52% वोट

भोपाल। विधानसभा चुनाव को देखते हुए मध्यप्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति का पता लगाने आए प्रवासी विधायकों ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट से तय कर दिया है कि इस बार प्रदेश में भाजपा को 52 प्रतिशत से अधिक वोट मिलेंगे। एक भी प्रवासी विधायक ने किसी प्रत्याशी या भाजपा को कमजोर होना नहीं बताया है। यहां तक कि जहां कार्यकर्ता और नेता असंतोष और नाराजगी का झंडा उठाए हैं, वहां भी भाजपा की स्थिति मजबूत होना बताई है।

मध्यप्रदेश में चार राज्यों से 230 विधायक एक सप्ताह के प्रवास पर रहे। इन विधायकों को खासतौर पर वर्तमान विधायकों की रिपोर्ट कार्ड तैयार करने कहा गया है। साथ ही भाजपा के खिलाफ चल रही एंटीइनकंबेंसी का भी पता करना था। सात दिन तक विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, समयदानियों और भाजपा से जुड़े अन्य समर्थकों के साथ-साथ लोगों से फीडबैक लिया गया। अधिकांश विस क्षेत्रों को लेकर प्रवासी विधायकों ने मीडिया के सामने रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया।

सागर: टिकट के कई दावेदार, लेकिन शैलेन्द्र फिट

सागर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट लेने के लिए कई दावेदार हैं। इनमें एक मुकेश जैन ने तो कैंपेन ही चला रखा है। आधा दर्जन नेताओं के चुनाव लड़ने की प्रत्याशा के बीच वर्तमान विधायक का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। प्रवासी विधायक बंबा लाल दिवाकर के अनुसार कार्यकर्ताओं में असंतोष कम है। भाजपा यहां 51 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करेगी।

नीमच: भाजपा से नेता टूटे फिर भी रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे

गुजरात से आए प्रवासी विधायक रमेश मिस्त्री ने दावा किया है कि नीमच की तीनों विधानसभा में भाजपा सबसे ज्यादा वोट हासिल करेगी। समंदर पटेल के पार्टी छोड़ने पर कहा-कमल के निशान पर जो लड़ेगा, उसके साथ सभी कार्यकर्ता होंगे। मंत्री ओपी सखलेचा पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया। यहां का फीडबैक केंद्रीय नेतृत्व को देंगे।

बैतूल: विधायक से जनता नाराज, भाजपा को मिलेगा मौका

महाराष्ट्र से आए प्रवासी विधायक तान्हा मुटकुले के अनुसार बैतूल में कांग्रेस का विधायक होने से क्षेत्र में विकास नहीं हुए। अब भाजपा के लिए पूरा माहौल है। हमने कार्यकर्ता, बूथ समिति के अध्यक्ष और आम जन से मुलाकात कर फीडबैक लिया है। लोग प्रदेश में फिर से मुख्यमंत्री शिवराज की सरकार बनाना चाहते हैं।

सतना: विरोध के झंडे उठ रहे, पर जीतेंगे 50 हजार वोटों से

सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा के लिए भाजपा ने सुरेन्द्र सिंह गहरवार को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यहां कांग्रेस का पाला बदलकर भाजपा में आए सुभाष शर्मा डोली प्रत्याशी के खिलाफ विरोध का झंडा उठाए हैं। बावजूद प्रवासी विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि चित्रकूट में भाजपा को 50 हजार मतों के अंतर से जिताएंगे।

अन्य: विंध्य और चंबल क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में माहौल

भाजपा को इस बार जहां सबसे ज्यादा खतरा विंध्य और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में नजर आ रहा है। इन्हीं क्षेत्रों में प्रवासी विधायकों की रिपोर्ट से भाजपा को बड़ी सफलता मिल रही है। सतना जिले के अमरपाटन, रीवा जिले के सिमरिया, चंबल-ग्वालियर क्षेत्रों में गुना, मेहगांव, ग्वालियर, दतिया, शिवपुर और अशोकनगर में भाजपा की स्थिति मजबूत होने की रिपोर्ट दी है।

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts