बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द आएंगे मध्य प्रदेश,CM मोहन यादव ने दिया न्योता

मध्य प्रदेश की राजनीति में जल्द बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जल्द मध्य प्रदेश दौरा हो सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में उनसे मुलाकात कर प्रदेश आने का निमंत्रण दिया है, जिसे बीजेपी अध्यक्ष ने स्वीकार भी कर लिया है। इस मुलाकात के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ सत्ता और संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
दिल्ली में हुई अहम मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश के कई जरूरी विषयों पर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि राजनीतिक नियुक्तियों, संगठनात्मक गतिविधियों और 2028 में होने वाले सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजनों को लेकर भी बात हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने नितिन नवीन को मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। अब माना जा रहा है कि जल्द ही उनका प्रदेश दौरा तय हो सकता है।
सिंहस्थ और संगठन पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि मुलाकात के दौरान सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा प्रदेश में लंबित राजनीतिक नियुक्तियों और संगठन विस्तार को लेकर भी बातचीत हुई। बीजेपी के भीतर कई पदों पर नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है।
धर्मेंद्र प्रधान को भी दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें भोपाल आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में लागू किए गए सांदीपनि विद्यालय मॉडल को देशभर में उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान से कहा कि नई शिक्षा नीति सबसे पहले मध्य प्रदेश में लागू हुई और राज्य के सांदीपनि विद्यालय पूरे देश के लिए मॉडल बन सकते हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें इन विद्यालयों का दौरा करने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जून के पहले पखवाड़े में भोपाल आने का आश्वासन भी दिया है।
बंगाल की राजनीति पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि देश के बाकी राज्यों के साथ-साथ बंगाल भी कदम से कदम मिलाकर विकास करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति मजबूत होगी। सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस, कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने लंबे समय तक बंगाल को पीछे धकेलने का काम किया, लेकिन अब वहां बदलाव का माहौल बन रहा है।












