Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिग्गज नेताओं व स्टार प्रचारकों के सहारे फ्रंट फुट पर खेल रही भाजपा

आचार संहिता से पहले ही प्रचार का पहला चरण पूरा करने की कवायद
Follow on Google News
दिग्गज नेताओं व स्टार प्रचारकों के सहारे फ्रंट फुट पर खेल रही भाजपा

भोपाल। भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव को लेकर बदली हुई तकनीक के साथ आक्रामक अंदाज और फ्रंट फुट पर खेलने की रणनीति अपना ली है। जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए पार्टी ने प्रदेश की सभी 230 सीटों तक पहुंचकर माहौल गर्माने, बढ़त हासिल करने और विरोधी दल पर चुनावी जंग से पहले मानसिक रूप दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। 14 से 25 सितंबर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश में 3 बड़े कार्यक्रम निर्धारित हो चुके हैं। आशीर्वाद यात्राओं में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत तीन दिन से मप्र में घूम रहे हैं। इनके अलावा उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हेमंत विस्वा सरमा सहित केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित अन्य कई नेताओं के कार्यक्रम बने हैं।

भाजपा ने अपनी पारंपरिक चुनावी जन आशीर्वाद यात्रा में इस बार नए प्रयोग किए हैं। पार्टी का प्रयास है कि आचार संहिता लागू होने के पहले स्टार प्रचारकों सहित ज्यादातर राष्ट्रीय नेताओं के सभी अंचलों में दौरे करा लिए जाएं। इसे भाजपा अपने प्रचार अभियान में फायदे के रूप में देख रही है।

फायदा ये...खर्च नहीं जुड़ेगा

एक महीने पहले ही 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर इस मामले में भाजपा बढ़त ले चुकी है। अब अपने पक्ष में चुनावी माहौल बनाने की रणनीति पर काम चल रहा है। पार्टी को एक बड़ा लाभ यह भी है कि चुनाव आचार संहिता के पहले चल रहे इस तूफानी चुनाव प्रचार का खर्च भी उम्मीदवार के खाते में नहीं जुड़ पाएगा।

यात्रा का समय घटाया

जन आशीर्वाद यात्रा में इस बार एक चेहरे पर फोकस करने के बजाए अनेक नेताओं के बीच विकेंद्रित किया है । पहले यात्रा मुख्यमंत्री ही निकालते थे। यात्रा का समय 17-18 दिन कर दिया गया। सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, अनुराग ठाकुर, प्रहलाद पटेल और वीरेंद्र खटीक के अलावा लक्ष्मीकांत वाजपेयी, मनोज तिवारी, रवि किशन सहित अन्य नेताओं की सभाएं चल रही हैं। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भी कार्यक्रम तैयार हो गए हैं।

पीएम के तीन कार्यक्रम

पीएम मोदी के सितंबर में तीन बड़े कार्यक्रम प्रदेश में हैं। वे सागर में बीना रिफायनरी के कार्यक्रम के अलावा जन आशीर्वाद यात्रा के समापन और कार्यकर्ता महाकुंभ में भोपाल आएंगे।

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts