ट्विशा शर्मा केस की सुनवाई दिल्ली में हुई तो तिहाड़ शिफ्ट हो सकते हैं गिरिबाला और समर्थ, कोर्ट ने CBI से 23 नवंबर को मांगी स्टेटस रिपोर्ट

भोपाल। एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की सुनवाई का केस दिल्ली अथवा दूसरे राज्य में ट्रांसफर हो गया तो इस बात की संभावना है कि दोनों आरोपियों गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को तिहाड़ जेल में शिफ्ट कर दिया जाए। इधर स्थानीय कोर्ट ने सीबीआई से 23 नवंबर को जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा है। सीबीआई ने कोर्ट से अग्रिम जांच पूरी करने दो महीने की मोहलत मांगी है।
सीबीआई ने भी किया ट्विशा के परिजनों की मांग का समर्थन
मामले की छानबीन कर रही सीबीआई ने भी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर मुकदमे की सुनवाई भोपाल से दिल्ली ट्रांसफर करने संबंधी ट्विशा के परिजनों की मांग का समर्थन कर दिया है। अगली सुनवाई में यह फैसला हो सकता है कि मुकदमे की सुनवाई भोपाल में होगी या दिल्ली में। इस सनसनीखेज मामले में दोनों आरोपी ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह की जमानत की अर्जी कोर्ट खारिज कर चुका है।
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा मौत मामला: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नहीं मिली जमानत, एमपी हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका
गिरिबाला ने दिया आर्थिक संकट का तर्क
मामले में गिरिबाला ने अपना जवाब सुप्रीम कोर्ट में पेश किया है। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता फोरम से वह निलंबित हो चुकी हैं, बेटे की वकालत भी नहीं बची इसलिए केस ट्रांसफर होने की स्थिति में उनके सामने आर्थिक संकट रहेगा। अब सबकी नजरें बड़ी अदालत के निर्णय पर लगी है।
न्याय के हित में केस दिल्ली ट्रांसफर करने का सुझाव
सीबीआई अपने हलफनामे में पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आरोपी गिरिबाला सिंह भोपाल की जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुकी हैं। उनका बेटा समर्थ भोपाल में ही वकालत करता है। इसलिए स्थानीय प्रभाव के चलते निष्पक्ष सुनवाई और गवाहों की सुरक्षा को लेकर आशंकाएं हैं। न्याय के हित में केस को दिल्ली ट्रांसफर करने का सुझाव दिया गया है।
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma: सीबीआई करेगी ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने की सिफारिश




















