हरदा में तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन की तैयारी, 22 नवंबर को निकलेगा संचलन

हरदा। आगामी 22 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे वीर सावरकर स्टेडियम, हरदा से विशाल युवा पथ संचलन शुरू होगा। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्य भारत प्रांत के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर नगर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और युवाओं से संपर्क किया जा रहा है।
100 वर्षों के सेवा कार्यों से प्रेरित आयोजन का भूमिपूजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के सेवा कार्यों और पांच पीढ़ियों के सतत पुरुषार्थ से प्रेरित तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन के लिए गुरुवार को भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों के साथ स्वयंसेवक और युवा मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: हरदा में 10 दिन की बेटी की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 500 रुपए का जुर्माना
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर दिया जोर
भूमिपूजन कार्यक्रम में युवाओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक नरेंद्र यादव ने कहा कि आज भारत का युवा देश को स्वर्णिम भारत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। युवा शक्ति में अपार सामर्थ्य, ऊर्जा और सृजनशीलता है। जरूरत है कि इस शक्ति को राष्ट्रहित, समाजहित और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में संगठित किया जाए।
चरित्र निर्माण और अनुशासन पर दिया संदेश
नरेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ युवाओं में राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत करने के साथ उनके चरित्र निर्माण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का कार्य करता है। उनके मुताबिक, चरित्रवान, संगठित और राष्ट्र के प्रति समर्पित युवा ही समर्थ भारत के निर्माण की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि ‘तरुणोदय भारत’ युवा शक्ति के जागरण, संगठन और राष्ट्र के परम वैभव के संकल्प का अवसर है।
युवाओं को जोड़ने के लिए चलाया जा रहा संपर्क अभियान
तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन को लेकर नगर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए मोहल्लों में बैठकें, घर-घर संपर्क और व्यक्तिगत संवाद किया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं के लिए गणवेश की व्यवस्था और विक्रय का काम भी लगातार चल रहा है।
20 नवंबर को निकलेगी विशाल वाहन रैली
आयोजन के सिलसिले में 20 नवंबर को शाम 5 बजे महारानी लक्ष्मीबाई खेल परिसर मिडिल स्कूल मैदान, हरदा से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। इसके माध्यम से नगर के युवाओं में आयोजन को लेकर उत्साह और जागरूकता का वातावरण बनाया जाएगा। आयोजन समिति ने युवाओं से वाहन रैली और 22 नवंबर को होने वाले युवा पथ संचलन में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की है। तरुणोदय भारत का मूल भाव शताब्दी की साधना से मिली प्रेरणा को नई पीढ़ी के संकल्प और पुरुषार्थ से आगे बढ़ाना है।




















