चंबल में रेत माफिया की दबंगई, कार्रवाई करने पहुंची अभयारण्य टीम पर हमला; ट्रैक्टर से गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश

चंबल नदी से रेत के अवैध परिवहन को रोकने पहुंची राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य विभाग की टीम के साथ बदसलूकी और हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ट्रैक्टर से विभागीय वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, कार्रवाई से बचने के लिए चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी रेत सड़क पर खाली कर दी। टीम ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

NH-552 पर कार्रवाई करने पहुंची थी टीम
घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-552 की है। राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के गेम रेंज ऑफिसर सोमेश शर्मा और एसडीओ रावत विभागीय टीम के साथ चंबल नदी की रेत के अवैध परिवहन को रोकने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए चालकों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और विभागीय वाहनों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की।
चलते ट्रैक्टर से सड़क पर खाली कर दी रेत
कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने चलते वाहन की ट्रॉली का हाइड्रोलिक सिस्टम उठाकर उसमें भरी रेत सड़क पर गिरा दी। इससे सड़क पर रेत फैल गई। वहीं दूसरे ट्रैक्टर चालक ने वन विभाग की गाड़ियों को रास्ता नहीं दिया। आरोप है कि चालक ने बार-बार ट्रैक्टर को विभागीय वाहन की ओर मोड़कर टक्कर मारने का प्रयास किया। इस दौरान टीम के सदस्यों को खतरे का सामना करना पड़ा।
लकड़ी लेकर टीम के सामने खड़ा हुआ आरोपी
घटना के दौरान एक अन्य आरोपी लकड़ी लेकर विभागीय टीम के सामने खड़ा हो गया। आरोपियों की इस हरकत से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

विभागीय कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल फोन से वीडियो बनाया। इसमें ट्रैक्टर चालकों की गतिविधियां और टीम का रास्ता रोकने की कोशिश रिकॉर्ड की गई।
4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य विभाग की टीम ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। टीम ने घटना से संबंधित वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।




















