PlayBreaking News

पटना के मसौढ़ी में अपराधियों के हौसले बुलंद,पुलिस टीम पर फायरिंग; थाना प्रभारी समेत दो जवान घायल

पटना के मसौढ़ी में अपहरण की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि आरोपी फरार हो गए।
Follow on Google News
पुलिस टीम पर फायरिंग; थाना प्रभारी समेत दो जवान घायल
अपराधियों ने थानाध्यक्ष और थाना प्रभारी इंचार्ज को मारी गोली

बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी इलाके में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक के अपहरण की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में मसौढ़ी थाना प्रभारी राहुल कुमार और एएसआई संजय सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है।

अपहरण की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस

मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मणिचक तालाब इलाके में शुक्रवार शाम एक युवक के अपहरण की खबर मिली थी। बताया जा रहा है कि कार से आए करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश युवक को जबरन अपने साथ ले गए थे। आरोपियों ने युवक को तालाब के पास उतारकर उसके साथ मारपीट भी की और उसे दूसरी दिशा में ले जाने लगे।

ग्रामीणों ने किया पीछा, बदमाशों ने दी धमकी

घटना को देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि उनके मोहल्ले के किसी युवक का अपहरण किया जा रहा है। जब ग्रामीण बदमाशों की ओर बढ़ने लगे तो आरोपियों ने हथियार लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Breaking News

पुलिस पहुंचते ही शुरू हुई गोलीबारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और कई राउंड गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की ओर से करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग हुई।

थाना प्रभारी और एएसआई घायल

मुठभेड़ के दौरान मसौढ़ी थाना प्रभारी राहुल कुमार के पैर में गोली लग गई। वहीं, एएसआई संजय सिंह के हाथ में गोली लगी है। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें: सुबह-सुबह अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस और केंद्रीय बल की टीम, मचा सियासी हड़कंप

एक आरोपी के घायल होने की भी चर्चा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश को भी गोली लगने की सूचना मिली है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अपहृत युवक ने बचाई अपनी जान

गोलीबारी के बीच अपहृत युवक किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलने में सफल रहा। वह भागता हुआ पुलिस वाहन तक पहुंचा और मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने तुरंत उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। युवक मसौढ़ी के संगतपर मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है।

Featured News

घटनास्थल से बाइक बरामद, कई संदिग्ध हिरासत में

मुठभेड़ के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक बरामद की है, जिसके अपराधियों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा दो से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

छावनी में बदला पूरा इलाका

घटना के बाद मणिचक तालाब घाट और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है, जबकि स्थानीय लोगों में घटना को लेकर डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts