Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मारपीट की शिकायत लेकर विधायक के साथ थाने पहुंचीं पूजा गांधी, एफआईआर की मांग

बालाघाट में पूजा गांधी ने ससुराल में मारपीट का आरोप लगाया है। शराब पार्टी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाते हुए विधायक अनुभा मुंजारे के साथ FIR की मांग की।
मारपीट की शिकायत लेकर विधायक के साथ थाने पहुंचीं पूजा गांधी, एफआईआर की मांग

मध्य प्रदेश के बालाघाट में मारपीट की शिकायत को लेकर पूजा गांधी मंगलवार शाम कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं। उन्होंने अपने देवर और भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन गांधी समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। पूजा गांधी का आरोप है कि करवाचौथ की रात शराब पार्टी का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया है।

शराब पार्टी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप

पूजा गांधी के मुताबिक, करवाचौथ की रात पूजा करने के बाद जब वह घर लौटीं तो ससुराल में शराब पार्टी चल रही थी। उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर उनके ससुर कुलदीप गांधी, देवर अमन गांधी, बड़े ससुर और उनके बेटे ने उनके साथ मारपीट की। पूजा ने घटना की जानकारी उसी रात पुलिस को दी थी। इसके अगले दिन भी शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची थीं। उनका कहना है कि लगातार शिकायत के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

विधायक अनुभा मुंजारे ने पुलिस से मांगी निष्पक्ष कार्रवाई

मंगलवार शाम पूजा गांधी कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं। विधायक ने पुलिस पर सत्तापक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नारी सम्मान की बात करती है, लेकिन भाजपा से जुड़े परिवार की बहू के साथ कथित मारपीट के मामले में अब तक मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया गया। अनुभा मुंजारे ने कहा कि कांग्रेस पूजा गांधी के साथ खड़ी है। अगर FIR दर्ज नहीं हुई तो पार्टी इस मामले को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

Breaking News

पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

पूजा गांधी ने कहा कि घटना के बाद उन्हें घर और पुलिस, दोनों जगह सुरक्षा को लेकर चिंता है। वहीं, पुलिस ने शिकायत की जांच कर कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पूजा गांधी थाने से लौट गईं। इस मामले में बालाघाट सीएसपी अभिषेक सिर्रा ने कहा कि महिला की शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts