भोपाल:गंदे पानी से परेशान 5 हजार लोग, टैंकरों से पहुंच रहा मटमैला पानी

भोपाल में लगभग 5 हज़ार लोग गंदे पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्हें टैंकरों से भी मटमैला पानी ही मिल रहा है जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
गंदे पानी से परेशान 5 हजार लोग, टैंकरों से पहुंच रहा मटमैला पानी

भोपाल के वार्ड-27 में गंदे और मटमैले पानी की सप्लाई से करीब 5 हजार रहवासी परेशान हैं। क्षेत्र में नगर निगम की ओर से टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती है लेकिन पिछले कई दिनों से लोगों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। रहवासियों का कहना है कि टैंकरों से आने वाला पानी इतना गंदा है कि उसका इस्तेमाल पीने के लिए नहीं किया जा सकता।

कई दिनों से बनी हुई है समस्या

मांडवा बस्ती निवासी शेर सिंह सोलंकी ने बताया कि इलाके में अभी तक नल कनेक्शन नहीं हैं और लोग पूरी तरह टैंकरों पर निर्भर हैं। पिछले कुछ दिनों से टैंकरों के जरिए जो पानी पहुंच रहा है, वह मटमैला और दूषित नजर आ रहा है। ऐसे में लोगों को पीने के लिए दूसरे इलाकों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। रहवासियों ने क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम से जल्द साफ पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट और गंदे पानी की समस्या ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

मेयर ने कहा था- RO की जरूरत नहीं

हाल ही में महापौर मालती राय ने विधानसभा के सामने स्थित नगर निगम के फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने दावा किया था कि जिन क्षेत्रों में बड़ा तालाब का पानी सप्लाई किया जा रहा है वहां लोगों को RO लगाने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि निगम की ओर से शुद्ध और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

फंदे से कैसे उतारी गई थी ट्विशा? 80KG की डमी लेकर पहुंची CBI, समर्थ और सास से कराएगी सीन रिक्रिएशन

कई इलाकों में गंदे पानी की शिकायत

हालांकि जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। वार्ड-27 के अलावा शहर के अन्य इलाकों से भी गंदे पानी की शिकायतें सामने आ रही हैं। भानपुर के पास स्थित बिहारी बस्ती में नर्मदा लाइन से मटमैले पानी की सप्लाई होने की शिकायत रहवासियों ने की है।

जबलपुर : MP हाईकोर्ट को मिले नए एक्टिंग चीफ जस्टिस, जस्टिस विवेक रूसिया संभालेंगे जिम्मेदारी

स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा

गंदे पानी की सप्लाई से लोगों में जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। लोगों ने नगर निगम से पानी की गुणवत्ता की जांच कर तत्काल साफ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts