जबलपुर :MP हाईकोर्ट को मिले नए एक्टिंग चीफ जस्टिस, जस्टिस विवेक रूसिया संभालेंगे जिम्मेदारी

जबलपुर। जस्टिस विवेक रूसिया मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस होंगे। केंद्र सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ लॉ एंड जस्टिस डिपार्टमेंट ने नियुक्ति पत्र जारी किया है। सीजे संजीव सचदेवा के प्रमोशन के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। जबकि सचदेवा को सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति मिली है। जस्टिस विवेक जबलपुर स्थित कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।
वरिष्ठ वकीलों के साथ किया काम
वकालत के शुरुआती दौर में उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता पी. सदाशिवन नायर, इंदिरा नायर और राजेंद्र मेनन के साथ सहयोगी अधिवक्ता के रूप में काम किया। इसके बाद वर्ष 1998 में उन्होंने स्वतंत्र प्रैक्टिस शुरू की। कुछ ही समय में वे कई बड़ी सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं के पैनल में शामिल हो गए।
ये बड़ी जिम्मेदारी भी संभाली
उन्होंने कोल इंडिया लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड समेत बिजली, आवास, विकास और स्थानीय निकायों से जुड़े कई मामलों में पैरवी की। वे भारत सरकार की ओर से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में स्थायी वकील के रूप में भी नियुक्त रहे।
यह भी पढ़ें: MP में तबादला नीति 2026 लागू: आज शुरू हुआ ट्रांसफर का दौर, सभी विभागों में हलचल तेज

जबलपुर से की ज्यूडिशियल करियर की शुरुआत
जस्टिस विवेक रूसिया का जन्म 2 अगस्त 1969 को जबलपुर में हुआ था। उन्होंने बीएससी और एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद 8 अगस्त 1992 को मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता थे। ऐसे में कानून और न्यायिक क्षेत्र का माहौल उन्हें परिवार से ही मिला।
बार एसोसिएशन में निभाई अहम जिम्मेदारी
जस्टिस विवेक रूसिया हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन, जबलपुर के संयुक्त सचिव भी चुने गए थे। वे हाई कोर्ट और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, जबलपुर के आजीवन सदस्य रहे। कानूनी क्षेत्र में उनकी सक्रियता और अनुभव ने उन्हें न्यायिक सेवा में अलग पहचान दिलाई।
7 अप्रैल 2016 को उन्हें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 17 मार्च 2018 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। हाल ही में उनका तबादला वापस जबलपुर किया गया था।
यह भी पढ़ें: फंदे से कैसे उतारी गई थी ट्विशा? 80KG की डमी लेकर पहुंची CBI, समर्थ और सास से कराएगी सीन रिक्रिएशन
सुप्रीम कोर्ट में पांच नियुक्तियों को मंजूरी
इस बीच केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पांच नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। इनमें न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति शील नागू जैसे नाम शामिल हैं। इन नामों की सिफारिश हाल ही में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी। जस्टिस शील नागू वर्तमान में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हैं, जबकि जस्टिस संजीव सचदेवा मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना को भी सीधे बार से सुप्रीम कोर्ट जज बनाए जाने को मंजूरी मिली है।
SC में बढ़ी जजों की संख्या
केंद्र सरकार ने अध्यादेश के जरिए सुप्रीम कोर्ट में स्वीकृत जजों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। नई नियुक्तियों के बाद अब सुप्रीम कोर्ट में 37 पद भर चुके हैं और केवल एक पद खाली बचा है। उम्मीद है कि इससे लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।











