भोपाल में गर्माया 'लव जिहाद' विवाद:देर रात सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज, शहर बंद की दी धमकी

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल लव जिहाद, मारपीट और बदसलूकी का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर मंगलवार रात शहर में भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि युवक के साथ सिर्फ मारपीट ही नहीं की गई, बल्कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हरकतें भी की गईं।
होटल में युवक-युवती मिलने के बाद हुआ विवाद
बता दें कि रविवार को गोविंदपुरा और गौतम नगर इलाके के एक होटल में एक मुस्लिम युवक अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड के साथ पहुंचा था। इसी दौरान हिंदू संगठन और बजरंग दल से जुड़े कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंचे।
युवक को अर्धनग्न कर सड़क पर घुमाने का आरोप
घटना को लेकर सामने आए वीडियो के मुताबिक युवक को होटल से बाहर निकालकर उसके चेहरे पर स्याही और गोबर लगाया गया। इसके बाद उसे अर्धनग्न हालत में सड़क पर घुमाया गया। इस दौरान धार्मिक नारे लगाए गए और युवक की पिटाई की गई। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी बढ़ गई।
यह भी पढ़ें: पोता गोबर, लगाई स्याही...! भोपाल में 'लव जिहाद' पर बजरंग दल का एक्शन, अर्धनग्न कर सड़क पर घसीटा
दिन में भी हुआ था पुलिस कमिश्नर ऑफिस का घेराव
इस मामले को लेकर मंगलवार दिन में भी मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सिर्फ एफआईआर दर्ज करना काफी नहीं है, बल्कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी भी होनी चाहिए।
पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद पुलिस ने धार्मिक भावना भड़काने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। हालांकि प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सिर्फ एफआईआर दर्ज करना काफी नहीं है। उनका आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई अब तक धीमी रही है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
हमीदिया अस्पताल और पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर भारी भीड़
मंगलवार रात मामला और गर्म हो गया, बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग हमीदिया अस्पताल और पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर जमा हो गए। देर रात तक सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल के गेट बंद कर दिए और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग भी की गई। पुलिस लगातार लोगों को शांत करने की कोशिश करती रही।
विधायक और नेताओं ने लोगों को समझाया
प्रदर्शन के दौरान विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील भी मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इससे पहले मुस्लिम समाज के लोग काजियात में इकट्ठा हुए थे, जहां शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने भी लोगों को संबोधित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: भोपाल में ‘बकरों का बाहुबली’! क्रेन से हुई 180 किलो के बकरे की एंट्री, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश!
72 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो भोपाल बंद की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 72 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे भोपाल में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में उसी तरह की सख्ती दिखानी चाहिए जैसी दूसरे मामलों में दिखाई जाती है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो शहर बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
युवती ने युवक के समर्थन में दिया बयान
पुलिस पूछताछ में युवती ने युवक के पक्ष में बयान दिया है। युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। उसने साफ कहा कि युवक ने उसके साथ किसी भी तरह की जबरदस्ती नहीं की। युवती ने पुलिस को बताया कि वह जिस जगह रहती है, वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं थी। इसी वजह से दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे।











