पोता गोबर, लगाई स्याही...!भोपाल में 'लव जिहाद' पर बजरंग दल का एक्शन, अर्धनग्न कर सड़क पर घसीटा

भोपाल में रविवार शाम एक होटल उस वक्त अचानक सुर्खियों में आ गया जब लव जिहाद मामले को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और एक युवक-युवती को लेकर विवाद खड़ा कर दिया। मामला गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर स्थित प्राइड होटल का है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव जैसी स्थिति बनी रही।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?
सूचना के अनुसार, होटल में एक युवक और युवती ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि यह जानकारी किसी माध्यम से कुछ लोगों तक पहुंची, जिसके बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि होटल के कमरे में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती साथ में ठहरे हुए हैं। इसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें: PM Shri School: हिजाब-टोपी विवाद में फंसा स्कूल, धार्मिक गतिविधियों के आरोप, 3 शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज
युवक के मुंह पर गोबर-स्याही पोती
कार्यकर्ता होटल के कमरे में भी पहुंच गए। वहां मौजूद युवक और युवती को बाहर निकाला गया। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। युवक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। उसके चेहरे पर स्याही और गोबर लगाने की भी बात सामने आई है। यह घटना काफी देर तक होटल परिसर में चलती रही।
इसके बाद मुस्लिम युवक को हिंदू संगठन के लोग खींचते हुए बाहर लाए। साथ ही उसके कपड़े फाड़ दिए। साथ ही युवक के साथ लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। भीड़ में से कुछ लोगों ने युवक के चेहरे पर गोबर और स्याही पोत दी।
यह भी पढ़ें: इंदौर में 5 बसों में लगी आग : 4 धमाके, प्रत्यक्षदर्शी बोले- सिलेंडर फटने जैसी आवाजें सुनाई दी
युवती का बयान- कोई जबरदस्ती नहीं हुई
इस पूरे मामले में युवती का बयान भी सामने आया है। उसने पुलिस को बताया कि उसके साथ किसी भी तरह की जबरदस्ती, गलत व्यवहार या दुराचार जैसी कोई घटना नहीं हुई है। युवती ने यह भी कहा कि वह पिछले लगभग 5 साल से उसी युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। दोनों आपसी सहमति से एक-दूसरे के संपर्क में हैं।
होटल में क्यों आए थे दोनों?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवती उस स्थान पर रहती है, जहां बाहरी लोगों की एंट्री पर कुछ प्रतिबंध थे। इसी वजह से दोनों करीब आने के लिए होटल में मिले थे। जानकारी के अनुसार, दोनों घटना से लगभग दो घंटे पहले ही होटल पहुंचे थे और एक कमरा लिया था।
पुलिस मौके पर पहुंची
हंगामे की सूचना मिलते ही गोविंदपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों को सुरक्षा में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है।
युवक की पहचान और बैकग्राउंड
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान आरिफ खान (27 वर्ष), निवासी जहांगीराबाद, भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और चोरी जैसे मामलों में केस दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर लगभग आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। कोर्ट में भी उसके खिलाफ 5 मामले लंबित बताए जा रहे हैं।
हाल ही में जेल से बाहर आया था युवक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरिफ खान कुछ समय पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद भी कुछ मामलों में उसकी तलाश जारी थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय उसकी गतिविधियां क्या थीं और होटल में पहुंचने का उद्देश्य क्या था।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। होटल में मौजूद लोगों, कर्मचारियों और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।











