भोपाल में जिम कारोबार पर CGST का शिकंजा, 5 ठिकानों पर छापे में करोड़ों की टैक्स गड़बड़ी

राजधानी भोपाल में सेंट्रल जीएसटी (CGST) ने जिम 365 डिग्री से जुड़े पांच ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान अधिकारियों को एक करोड़ रुपए से ज्यादा की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। CGST की टीम के मुताबिक जिम संचालक द्वारा ग्राहकों को बिल जारी नहीं किए जाने समेत टैक्स से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आई हैं। CGST की यह कार्रवाई जिम 365 डिग्री के चूनाभट्टी, कोहेफिजा, बावड़िया कलां, सिंधी कॉलोनी और जेके रोड स्थित प्रतिष्ठानों पर की गई। एक साथ पांच ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में करीब 30 अधिकारियों की टीम शामिल रही।
5 ठिकानों पर एक साथ पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक CGST अधिकारियों ने जिम से जुड़े पांचों परिसरों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान लेनदेन, बिलिंग और टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों को प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिम में ग्राहकों को बिल जारी नहीं किए जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार इसी प्रक्रिया के जरिए जिम से होने वाली आय को छिपाकर टैक्स देनदारी कम करने की आशंका सामने आई है। पूरे मामले में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
GST नियमों में बदलाव के बाद टैक्स को लेकर सवाल
CGST अधिकारियों के मुताबिक सितंबर 2025 में GST व्यवस्था में बदलाव के बाद इस तरह के प्रतिष्ठानों के लिए इनपुट टैक्स क्रेडिट की व्यवस्था समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद संबंधित सेवाओं पर 5 प्रतिशत GST लागू होता है। आरोप है कि जिम संचालक की ओर से ग्राहकों से टैक्स लेने के बावजूद निर्धारित GST जमा नहीं किया जा रहा था। इससे पहले इन प्रतिष्ठानों पर 18 प्रतिशत GST की व्यवस्था थी। अधिकारियों की जांच में यह भी सामने आया कि इनपुट टैक्स क्रेडिट उपलब्ध नहीं होने के बावजूद 5 प्रतिशत टैक्स जमा नहीं किया गया। इसी आधार पर टैक्स चोरी की राशि का आकलन किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों का बड़ा प्रदर्शन, कमला पार्क रोड पर चक्का जाम; रोशनपुरा से रॉयल मार्केट तक ट्रैफिक बेहाल
1 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आई
CGST की जांच में फिलहाल एक करोड़ रुपए से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि कार्रवाई और दस्तावेजों की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी की अंतिम राशि में बदलाव हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद जिम संचालक से टैक्स चोरी की राशि के साथ नियमानुसार ब्याज और अन्य देनदारी भी वसूल की जा सकती है।
30 अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई प्रधान आयुक्त CGST एन. पदमश्री के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 30 अधिकारियों की टीम पांचों ठिकानों पर पहुंची। टीम का नेतृत्व एडिशनल कमिश्नर जी. मनिगंडा स्वामी ने किया। CGST की टीम ने कार्रवाई के दौरान बिलिंग और टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। विभाग अब इन दस्तावेजों के आधार पर टैक्स देनदारी और कथित अनियमितताओं का विस्तृत आकलन कर रहा है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में FD पर साइबर ठगों की सेंध! बिना OTP-पिन बताए बुजुर्ग के 6 लाख रुपए उड़ाए
जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल CGST विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि टैक्स क्रेडिट की व्यवस्था खत्म होने के बाद भी निर्धारित 5 प्रतिशत GST जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। अब उपलब्ध रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच के आधार पर टैक्स चोरी की पूरी राशि निर्धारित की जाएगी।




















