घरेलू LPG सिलेंडर से ईको कार में गैस भरते समय आग! कार पूरी तरह जलकर खाक
राजगढ़। खिलचीपुर नगर के नाहरदा परिसर में घरेलू LPG सिलेंडर से ईको कार में गैस भरते समय अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना विश्वकर्मा मंदिर के बाहर की बताई जा रही है। आग लगते ही कार में गैस भर रहे युवक मौके पर अपनी बाइक छोड़कर वहां से चले गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, टीम के पहुंचने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
घरेलू सिलेंडर से कार में भरी जा रही थी गैस
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ युवक बाइक से घरेलू गैस सिलेंडर लेकर नाहरदा परिसर पहुंचे थे। इसके बाद वे ईको कार में घरेलू LPG सिलेंडर से गैस भर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही वहां मौजूद युवक घबरा गए और अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर चले गए। आग तेजी से फैलने के कारण पूरी ईको कार उसकी चपेट में आ गई। घटना के दौरान आसपास काफी लोग मौजूद थे। मंदिर परिसर में शाम के समय लोगों की आवाजाही रहती है, जिसके चलते आग लगने के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार के अंदर मिला LPG सिलेंडर और गैस भरने की मोटर
आग बुझाने के बाद पुलिस को कार के अंदर रेगुलेटर लगा घरेलू LPG सिलेंडर मिला। इसके अलावा गैस भरने के लिए इस्तेमाल की जा रही जली हुई मोटर भी बरामद हुई है। घटना के सामने वाले हिस्से में शनि मंदिर भी है। शाम के समय यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में आग के दौरान कार के अंदर LPG सिलेंडर होने से बड़ा खतरा पैदा हो गया था।
जली कार और बिना नंबर की बाइक जब्त
खिलचीपुर पुलिस ने जली हुई ईको कार को जब्त कर लिया है। मौके पर छोड़ी गई सिल्वर रंग की बजाज प्लेटिना बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। बाइक के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार में LPG गैस कौन भर रहा था और घरेलू सिलेंडर से गैस भरने की व्यवस्था किसने की थी। साथ ही मौके से भागे युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
ताला तोड़ा, सोना लूटा..लेकिन CCTV ने खोल दिया पूरा खेल! 4.5 लाख के जेवर के साथ 2 गिरफ्तार
लोगों ने बनाए वीडियो
आग लगने के बाद आसपास मौजूद लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर घटना का वीडियो बनाते रहे। नाहरदा परिसर में मंदिर होने के कारण शाम के समय यहां लोगों की काफी आवाजाही रहती है। पुलिस ने जली हुई कार और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि घरेलू LPG सिलेंडर से कार में गैस भरने की व्यवस्था किसने की थी और घटना के लिए जिम्मेदार युवक कौन थे।






















