महाराष्ट्र के गोंदिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 6 की मौत; 7 घायल

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही SUV को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 3 साल के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल मजदूर बताए जा रहे हैं। वे मध्य प्रदेश के बालाघाट से तेलंगाना के करीमनगर काम के लिए जा रहे थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक, हादसा गोंदिया जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही SUV को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सात घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बालाघाट के रहने वाले थे सभी मृतक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान किरण संतोष वैद्य (26), संतोष मत्रे (38), सुशीला मत्रे (35), रूपसेन तेजलाल सत्याकर (35), ज्योति रूपसेन सत्याकर (32) और 3 वर्षीय आरुष मत्रे के रूप में हुई है। सभी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर तहसील के रहने वाले थे।
ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (32) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसके खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।


















