धान के खेत में दिखा 10 फीट लंबा अजगर, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

सोहागपुर। समीपवर्ती ग्राम आमादेही में शुक्रवार दोपहर उस समय ग्रामीणों में हलचल मच गई, जब धान के खेत में करीब 10 फीट लंबा भारतीय अजगर दिखाई दिया। खेत में विशालकाय अजगर होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
अजगर की सूचना मिलते ही सोहागपुर सामान्य वन परिक्षेत्र की रेस्क्यू टीम आमादेही पहुंची। टीम ने सबसे पहले ग्रामीणों को अजगर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने पूरी सावधानी के साथ अजगर को खेत से सुरक्षित बाहर निकाला और उसका रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सोहागपुर परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया।
मापने पर करीब 10 फीट लंबा निकला अजगर
वन विभाग के कार्यालय में अजगर की लंबाई मापी गई। माप में उसकी लंबाई करीब 10 फीट यानी लगभग 3 मीटर पाई गई। इसके बाद स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारी ने अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
ये भी पढ़ें: सागर में जहरीली शराब कांड के बाद रायसेन में एक्शन! 3 ठिकानों पर छापा, 29 लीटर शराब जब्त
घने आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा गया
स्वस्थ पाए जाने के बाद अजगर को मानव बस्ती और कृषि क्षेत्र से दूर सोहागपुर परिक्षेत्र के उपयुक्त घने आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। इस तरह वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से अजगर को भी सुरक्षित बचाया गया और ग्रामीणों के लिए किसी खतरे की स्थिति भी नहीं बनी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेत या आबादी वाले क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर सके। अजगर की मौजूदगी की सूचना समय पर देने वाले ललित रघुवंशी की सजगता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से रेस्क्यू सफल रहा।
ये भी पढ़ें: कागजों में बच्चे, जमीन पर गायब! वजन से पोषण तक गड़बड़ी; सीहोर ग्रामीण की परियोजना अधिकारी प्रियंका दीवान निलंबित
इन कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
अजगर के रेस्क्यू और सुरक्षित पुनर्वास की पूरी कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक सोहागपुर राजेन्द्र भिलाला, वनरक्षक फुलेंद्र गुर्जर, वाहन चालक राजेश वर्मा और रेस्क्यू सहायक अवरार खान का उल्लेखनीय योगदान रहा।




















