इंदौर जनसुनवाई में हड़कंप, युवक ने केरोसिन डालकर की आत्मदाह की कोशिश

इंदौर कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह की कोशिश की। युवक ने डीजे गाड़ी के नाम पर 11.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उसे बचा लिया। युवक का कहना है कि धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंदौर जनसुनवाई में हड़कंप, युवक ने केरोसिन डालकर की आत्मदाह की कोशिश

इंदौर के प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान हड़कंप मच गया। यहां एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत युवक को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित बचा लिया।

डीजे गाड़ी के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप

युवक की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो जामनिया खुर्द का रहने वाला बताया जा रहा है। आकाश का आरोप है कि शुभम और गोलू कुशवाहा ने उसके साथ डीजे गाड़ी के नाम पर धोखाधड़ी की। आकाश के मुताबिक, गाड़ी का सौदा 11.20 लाख रुपये में हुआ था। आरोप है कि उसने 2 लाख रुपये नकद और कोरे चेक दिए थे। इसके बाद आरोपियों ने दिखाई गई गाड़ी के बजाय दूसरी गाड़ी सौंप दी और उसमें खराब डीजे सिस्टम लगा हुआ था।

नए सामान के नाम पर भी पैसे लेने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि बाद में नए सामान के नाम पर उससे करीब 2.10 लाख रुपये और खर्च करवाए गए। इसके अलावा 98 हजार रुपये भी लिए गए। इसके बावजूद आरोपी उसे गाड़ी वापस उठाने की धमकी देते रहे।

धोखाधड़ी से परेशान होकर उठाया कदम

आकाश का कहना है कि लगातार धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना से वह काफी परेशान था। इसी से तंग आकर उसने जनसुनवाई के दौरान आत्मदाह की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts