भोपाल में गणेश विसर्जन शुरू, सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद; ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा की विदाई

Follow on Google News
भोपाल में गणेश विसर्जन शुरू, सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद; ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा की विदाई
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल में गणेशोत्सव के अंतिम चरण पर शनिवार सुबह से ही विसर्जन की धूम मच गई। शहर के छह बड़े घाटों पर मूर्तियों का विसर्जन शुरू हो गया है। बड़ी मूर्तियों को क्रेन से तालाब में उतारा जा रहा है, जबकि छोटी मूर्तियों के लिए कुंड बनाए गए हैं। राजधानी में कुल 33 जगहों पर विसर्जन कुंड और स्टॉल तैयार किए गए हैं, जहां ढोल-ढमाकों और जयकारों के बीच बप्पा को विदाई दी जा रही है।

    घाटों पर पुख्ता इंतजाम

    खटलापुरा, प्रेमपुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, शाहपुरा और आर्च ब्रिज सहित प्रमुख घाटों पर मूर्तियों का विसर्जन किया जा रहा है। यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। गोताखोर और पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात हैं। हादसों से बचने के लिए पानी में उतरकर मूर्ति विसर्जन की मनाही की गई है। बड़ी मूर्तियों के लिए क्रेन और छोटी के लिए अलग कुंड उपलब्ध हैं।

    वार्ड-जोन स्तर पर बने 100 से ज्यादा विसर्जन कुंड

    भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने बड़े घाटों के अलावा वार्ड और जोन स्तर पर 100 से ज्यादा विसर्जन कुंड तैयार किए हैं। इन कुंडों पर छोटी मूर्तियों का विसर्जन कराया जा रहा है। साथ ही लोगों की धार्मिक भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

    सामूहिक विसर्जन जुलूस

    हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि शनिवार शाम 7 बजे से सेंट्रल लाइब्रेरी से सामूहिक विसर्जन जुलूस निकलेगा। यह जुलूस इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज, जनकपुरी, सिंधी मार्केट और सोमवारा होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। इसमें करीब 200 झांकियां शामिल होंगी।

    पूजन सामग्री से बनेगी खाद

    विसर्जन घाटों पर पूजा सामग्री (फल, फूल, नारियल आदि) इकट्ठा करने की अलग व्यवस्था की गई है। अनुमान है कि करीब 60 टन निर्माल्य निकलेगा। नगर निगम इसे एकत्र कर जैविक खाद बनाने की तैयारी कर रहा है। पिछले दो दिनों से ही सामग्री एकत्र की जा रही है।

    ट्रैफिक डायवर्जन और बस संचालन में बदलाव

    • सुबह 8 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
    • शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और अल्पना तिराहा क्षेत्र में सिटी बस और मैजिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
    • शाम 6 बजे से मंगलवारा, दयानंद चौक और जुमेराती से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहन नहीं जा पाएंगे।
    • रात 7 बजे से मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज से शुरू होगा, जो कमला पार्क और कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इस दौरान आसपास के रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे।
    • बैरागढ़ क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस के चलते भोपाल-इंदौर मार्ग पर डायवर्जन रहेगा। इंदौर-देवास की ओर जाने वाले वाहनों को लालघाटी से एयरपोर्ट तिराहा होते हुए बायपास से भेजा जाएगा।
    • हलालपुरा बस स्टैंड से इंदौर, सीहोर, गुना और ग्वालियर की बसों का संचालन किया जाएगा। आईएसबीटी से चलने वाली बसें बायपास से ही निकाली जाएंगी।

    भोपाल में गणेश विसर्जन के इस महापर्व को लेकर प्रशासन, निगम और पुलिस की टीम लगातार निगरानी में है। श्रद्धालु उल्लास और भक्ति के साथ बप्पा को विदाई दे रहे हैं।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts