भोपाल में 10वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, कारणों का नहीं चला पता, सुसाइड नोट भी नहीं मिला

भोपाल में 10वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, कारणों का नहीं चला पता, सुसाइड नोट भी नहीं मिला
file photo
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 18 वर्षीय छात्रा जिक्रा खान ने घर के ही एक कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाई। परिजनों ने जब काफी देर तक उसे कमरे से बाहर नहीं आते देखा, तो दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। जिक्रा को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    खाना खिलाने के बाद पिता से लिए थे पैसे

    पिता मेहताब खान ने बताया कि वे ऑटो चलाते हैं और शनिवार रात काम से लौटे थे। बेटी ने पहले उन्हें खाना दिया और फिर किराने की कुछ चीजें खरीदने के लिए पैसे मांगे। सामान लाने के बाद कुछ देर वह पिता के साथ बैठी और फिर दूसरे कमरे में चली गई। जब देर तक बाहर नहीं आई तो उसे आवाजें दी गईं, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांकने पर देखा तो वह फंदे पर लटकी हुई थी।

    नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

    घटना के बाद परिवार और पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। टीआई अनुराग लाल ने बताया कि घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। कमरे की जांच और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।

    हाल ही में हुआ था स्कूल चेंज 

    जानकारी के अनुसार, जिक्रा ने इसी साल एक नए स्कूल में 10वीं कक्षा में एडमिशन लिया था। पहले वह किसी अन्य स्कूल में पढ़ती थी। 11 जुलाई को उसने अपना 18वां जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ी बहन और छोटा भाई है। मां एक फैक्ट्री में नौकरी करती हैं।

    पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

    पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस स्कूल, दोस्तों और परिवार से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि छात्रा की मानसिक स्थिति कैसी थी और उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts