Bhopal News : युवक को आया हार्ट अटैक... एसीपी ने CPR देकर बचाई जान, दशहरा मैदान में रावण दहन देखने आया था

भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में पुलिस ऑफिसर की सूझबूझ से एक व्यक्ति की जान बच गई। यहां छोला मंदिर स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन देख रहे युवक को अटैक आ गया था। वो बेसुध होकर जमीन पर गिर गया था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एसीपी अजय तिवारी ने बिना देर किए उसे सीपीआर दिया। समय पर मदद मिलने से उसकी जान बच गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, राजधानी भोपाल के छोला दशहरा मैदान में दशहरा के मौके पर रावण दहन का आयोजन किया गया था। जिसे देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान एक शख्स को अचानक सीने में दर्द होने लगा और वो गिर गया, जिससे आसपास खड़े लोग घबरा गए। उन्होंने युवक को उठाने का प्रयास किया, तभी ड्यूटी पर तैनात एसीपी अजय तिवारी वहां पहुंचे। युवक के गिरते ही परिजनों ने बताया वह हार्ट पेशेंट है। इतना सुनते ही एसीपी ने सीपीआर देना शुरू कर दिया। करीब 10 मिनट तक दिए गए सीपीआर के बाद धीरे-धीरे युवक ने आंखें खोलीं। पानी पिलाने के बाद युवक पूरी तरह होश में आया। पुलिस की सलाह पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हो गए। पास खड़े युवक ने इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।




















