PU Special :भोपाल में इस बार बैलेंसिंग गणेश प्रतिमाओं का ट्रेंड, हवा में संतुलन साधते बप्पा बने आकर्षण का केंद्र

देवेंद्र शाक्य, भोपाल। राजधानी भोपाल में इस बार गणेशोत्सव के दौरान गणेश प्रतिमाओं और पंडालों की सजावट में एक नया प्रयोग देखने को मिल रहा है। मुंबई और पुणे की तर्ज पर शहर में बैलेंसिंग गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। अलग-अलग ऊंचाई और अनोखे संतुलन के साथ तैयार की गई इन प्रतिमाओं में पारंपरिक धार्मिक स्वरूप के साथ आधुनिक कलाकारी का मेल दिखाई दे रहा है। शहर की पांच गणेश उत्सव समितियों ने अपने पंडालों में ऐसी प्रतिमाएं स्थापित की हैं जिनमें भगवान गणेश को अलग-अलग अंदाज में संतुलन साधते हुए दिखाया गया है। कहीं बप्पा एक पैर पर खड़े हैं तो कहीं त्रिशूल के सहारे हवा में संतुलन बनाते नजर आ रहे हैं। इन अनोखे स्वरूपों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।
चांदबड़ में एक पैर पर खड़े 18 फीट ऊंचे गणेश
श्री सिद्धिविनायक मित्र मंडल ‘चांदबड़ किंग’ की ओर से इस बार 18 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है।
प्रतिमा की थीम अभिमन्यु द्वारा चक्रव्यूह भेदन पर आधारित है। समिति के संरक्षक रवींद्र कुशवाह के मुताबिक, प्रतिमा के जरिए साहस, पराक्रम और विजय का संदेश देने की कोशिश की गई है। प्रतिमा में भगवान गणेश को एक पैर पर संतुलन साधे हुए दर्शाया गया है, जो इसे विशेष आकर्षण दे रहा है।
सेमरा गेट में एक खंभे पर टिका केदारेश्वर मंदिर
श्री मारुति गणेश मित्र मंडल के ‘सेमरा गेट का सम्राट’ पंडाल की थीम महाराष्ट्र के केदारेश्वर मंदिर पर आधारित है। पंडाल में मंदिर की उस विशेष संरचना को दर्शाया गया है, जिसके बारे में बताया जाता है कि गर्भगृह में पहले चार खंभे थे।
समय के साथ तीन खंभे टूट गए और अब मंदिर एक ही खंभे पर टिका हुआ है। इसे चारों युगों का प्रतीक भी माना जाता है। समिति के संरक्षक रोहित ने बताया कि पंडाल में भगवान गणेश को हवा में लटके हुए भगवान शिव का अभिषेक करते हुए दर्शाया गया है। प्रतिमा का संतुलन श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रहा है।
बरखेड़ी के राजा में त्रिशूल के सहारे हवा में गणेश
श्री नवयुवक गणेश उत्सव समिति ‘बरखेड़ी के राजा’ की ओर से भी इस बार अनोखी बैलेंसिंग गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। इसमें भगवान गणेश हाथ में त्रिशूल लिए हुए नजर आ रहे हैं। प्रतिमा में त्रिशूल का एक हिस्सा राक्षस के सिर को अलग करता हुआ दिखाया गया है जबकि भगवान गणेश इसी त्रिशूल के सहारे हवा में संतुलन साधते हुए दिखाई दे रहे हैं।
समिति अध्यक्ष रोहन ने बताया कि इस बार प्रतिमा मुंबई की तर्ज पर तैयार करवाई गई है। प्रतिमा की डिजाइन और संतुलन इसे पंडाल में खास आकर्षण बना रहा है।
बरखेड़ी के महाराजा में असुरों से युद्ध करते बप्पा
‘बरखेड़ी के महाराजा’ गणेश उत्सव समिति ने पिछले साल देशभर में चर्चा में रही प्रतिमा के स्वरूप को इस बार फिर से प्रस्तुत किया है।
इस प्रतिमा में भगवान गणेश को असुरों के साथ युद्ध करते हुए दिखाया गया है। प्रतिमा में बप्पा को आगे की ओर झुककर युद्ध की मुद्रा में दर्शाया गया है। समिति के मुताबिक प्रतिमा का यह स्वरूप श्रद्धालुओं को काफी पसंद आ रहा है। समिति के अध्यक्ष दीपेश यादव हैं।
ये भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री कराने की मांग तेज, संत समाज ढोल-मंजीरों के साथ पहुंचा फिल्म देखने
कैलाश नगर में अर्धनारीश्वर रूप में 18 फीट के गणेश
श्री नवदुर्गा गणेश उत्सव समिति ‘किंग ऑफ कैलाश नगर’ की ओर से 18 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है।
इस प्रतिमा में भगवान गणेश को अर्धनारीश्वर रूप में एक पैर के सहारे खड़ा हुआ दिखाया गया है। एक पैर पर संतुलन बनाए हुए अर्धनारीश्वर स्वरूप की यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। प्रतिमा का संतुलन और स्वरूप इसे अलौकिक रूप प्रदान कर रहा है।
ये भी पढ़ें: NGT का आदेश-भोपाल में कलियासोत और भोज वेटलैंड क्षेत्र में 700 पेड़ काटे, अब लगाने होंगे 7000 पौधे
मुंबई-पुणे की तर्ज पर बदल रहा गणेश उत्सव का स्वरूप
भोपाल में इस बार गणेश प्रतिमाओं के इन नए प्रयोगों से उत्सव की सजावट में भी बदलाव नजर आ रहा है। पांच अलग-अलग पंडालों में बैलेंसिंग प्रतिमाओं के जरिए धार्मिक विषयों को कलात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।




















