PU Special :अब मप्र के सभी टाइगर रिजर्व में समान समय पर होगी पर्यटकों की एंट्री, मौसम के अनुसार वक्त में बदलाव भी एक साथ होगा

संतोष चौधरी, भोपाल। मध्यप्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व और वन्यजीव अभयारण्यों के कोर और बफर क्षेत्रों में इस बार एक अक्टूबर से पर्यटन सत्र की शुरुआत एक समान समय-सारिणी के साथ होगी। वन विभाग ने पार्कों के खुलने और बंद होने के समय में एकरूपता लाने का निर्णय लिया है। इसके तहत सभी संबंधित पार्क सुबह 6 बजे पर्यटकों के लिए खोले जाएंगे और निर्धारित समय पर बंद किए जाएंगे। मौसम के अनुसार समय में बदलाव होने पर नई समय-सारिणी भी पूरे प्रदेश में एक साथ लागू की जाएगी।
पर्यटकों को असुविधा से बचाना उद्देश्य
अब तक प्रदेश के अलग-अलग टाइगर रिजर्व और अभयारण्यों में पर्यटकों के प्रवेश और सफारी संचालन का समय अलग-अलग निर्धारित रहता था। इनमें करीब आधे घंटे तक का अंतर होता था। नई व्यवस्था का उद्देश्य पर्यटकों को समय को लेकर होने वाली असुविधा से बचाना और विभिन्न वन्यजीव पर्यटन स्थलों पर सफारी की योजना को आसान बनाना है।
सूर्योदय के समय में अंतर, टाइमिंग होगी समान
मप्र एक ही टाइमिंग जोन में आता है, लेकिन इसके पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में सूर्योदय और सूर्यास्त के समय में अंतर रहता है। अक्षांश और देशांतर की भौगोलिक स्थिति के कारण सीधी और सिंगरौली जैसे पूर्वी जिलों में सूर्योदय-सूर्यास्त का समय मंदसौर और धार जैसे पश्चिमी जिलों से अलग होता है।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
पर्यटकों की ओर से लंबे समय से मांग की जा रही थी कि प्रदेश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों पर प्रवेश और सफारी के समय में एकरूपता हो। अलग-अलग टाइमिंग के कारण पर्यटकों को यात्रा और सफारी की योजना बनाने में परेशानी होती थी। विभाग ने इन्हीं शिकायतों के निराकरण के लिए यह बदलाव किया है।
पर्यटन सत्र 2026-27 : नई समय-सारिणी
लागू होने की तारीख: 1 अक्टूबर 2026
मॉर्निंग सफारी: सुबह 6 बजे से 11:30 बजे तक
ईवनिंग सफारी: दोपहर 3 30 बजे से शाम 6 बजे तक
लागू क्षेत्र: कान्हा, बांधवगढ़, संजय डुबरी, पन्ना, नौरादेही, सतपुड़ा, रातापानी और पेंच टाइगर रिजर्व
शिकायतों के निराकरण के लिए कदम उठाया
पर्यटकों की लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि पार्कों के खुलने का समय अलग-अलग है। इन्हीं शिकायतों के निराकरण के लिए यह कदम उठाया गया है।
-डॉ. समीता राजौरा, पीसीसीएफ, वाइल्ड लाइफ
ये भी पढ़ें: डॉ. मोहन यादव कैबिनेट- मप्र में जारी रहेंगे 42,490 करोड़ के काम, आदिवासी शिक्षकों को नियुक्ति दिनांक से वेतनमान




















