Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारी तेज, इस बार जल संरक्षण पर फोकस, 30% पानी बचाने का लक्ष्य, 4 दिसंबर से आयोजन

भोपाल के ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक 79वां आलमी तब्लीगी इज्तिमा होगा। इस बार जल संरक्षण थीम पर 30% पानी बचाने का लक्ष्य रखा गया है।
भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारी तेज, इस बार जल संरक्षण पर फोकस, 30% पानी बचाने का लक्ष्य, 4 दिसंबर से आयोजन

भोपाल। ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां तेजी से जारी हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए इज्तिमा इंतजामिया कमेटी, जिला प्रशासन और विभिन्न शासकीय विभागों के बीच लगातार समन्वय के साथ काम किया जा रहा है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पंकज पांडे तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ इज्तिमागाह पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पहुंच मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने आयोजन में आने वाली जमातों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बड़ी संख्या में वालंटियर्स पहुंच रहे हैं इज्तिमागाह

इज्तिमा की तैयारियों में सहयोग के लिए बड़ी संख्या में वालंटियर्स लगातार इज्तिमागाह पहुंच रहे हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों में स्वयंसेवक सक्रिय रूप से अपना योगदान दे रहे हैं। कमेटी द्वारा वालंटियर्स की जिम्मेदारियां निर्धारित करने और अलग-अलग व्यवस्थाओं में उनकी तैनाती की योजना पर भी काम किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों में लोगों की स्वैच्छिक भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

भोपाल में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, महिला से 19.70 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर हड़पे

पंडाल, पानी की लाइन और शौचालयों का काम जारी

इज्तिमागाह में पंडाल लगाने का काम शुरू हो चुका है। विभिन्न स्थानों पर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके साथ ही शौचालयों और स्नानगृहों का निर्माण तथा पानी के नल लगाने का कार्य भी जारी है। आयोजन स्थल पर आने वाले लाखों जायरीन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुनियादी व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है।

नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE), विद्युत विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुसार कार्य कर रहे हैं। साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल, सड़क, बिजली, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है।

कमेटी और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय

इज्तिमा इंतजामिया कमेटी और शासन-प्रशासन के बीच इस बार भी बेहतर तालमेल और समन्वय के साथ तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। कमेटी का प्रयास है कि सभी विभागों के सहयोग से समय रहते आवश्यक कार्य पूरे हों और आयोजन के दौरान देश-विदेश से आने वाली जमातों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव 2026: निर्दलीय कांते सयन्ना ने भी भरा नामांकन, 50 से ज्यादा बार उतर चुके चुनाव में 

इस वर्ष का मुख्य विषय होगा जल संरक्षण

79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा में इस वर्ष जल संरक्षण को मुख्य विषय के रूप में अपनाने का निर्णय लिया गया है। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समाज को पानी की अहमियत, उसकी बचत और जिम्मेदार उपयोग का संदेश देना है।

कमेटी ने इज्तिमागाह में पानी की कुल खपत को पिछले तुलनीय आयोजन की व्यवस्था के मुकाबले कम से कम 30 प्रतिशत घटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए वुज़ू स्थलों पर पानी की बर्बादी रोकने, पानी के नलों और पाइपलाइनों में लीकेज नियंत्रित करने, पेयजल वितरण को व्यवस्थित बनाने तथा वालंटियर्स के माध्यम से लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत जायरीन से भी अपील की जाएगी कि वे वुज़ू, स्नान और अन्य दैनिक आवश्यकताओं के दौरान पानी का अनावश्यक उपयोग न करें। आयोजन स्थल पर जल संरक्षण से संबंधित संदेश और जागरूकता सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी।

कमेटी का मानना है कि इज्तिमा जैसे विशाल आयोजन के माध्यम से दिया गया जल संरक्षण का संदेश देशभर से आने वाले लाखों लोगों तक पहुंच सकता है और वे इसे अपने घरों तथा समाज में भी अपनाने के लिए प्रेरित हो सकते हैं।

इज्तिमा की तैयारियां पूरी जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ रही हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम सहित सभी संबंधित विभागों का पूरा सहयोग मिल रहा है। 

-डॉ. उमर हफीज खान, ऑर्डिनेटर, आलमी तब्लीगी इज्तिमा इंतजामिया कमेटी

Amit Sen
By Amit Sen

Latest Posts