बेटमा में एक परिवार की 3 बेटियों की मौत, खाना खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत; फूड पॉइजनिंग की आशंका

बेटमा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। तीनों बच्चियों की उम्र 10, 8 और 5 साल बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, रात में घर का बना खाना खाने के कुछ घंटे बाद बच्चियों को अचानक उल्टी-दस्त शुरू हो गए और उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई। दो बच्चियों ने इंदौर के एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी बच्ची की रास्ते में तबीयत बिगड़ने के बाद इटारसी के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुरुआती तौर पर पुलिस ने मामले में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी तीनों बच्चियों की हालत
जानकारी के मुताबिक पीथमपुर स्थित एलएनटी कंपनी में काम करने वाले नरेंद्र सिंह अपनी पत्नी अमरोतिन और बच्चों के साथ बेटमा क्षेत्र में रहते हैं। परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा का रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार रात करीब 2 बजे परिवार के सदस्यों ने घर पर बनी दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। खाना खाने के कुछ समय बाद तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे और देखते ही देखते हालत गंभीर हो गई। परिजन तत्काल तीनों बच्चियों को उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे।
MY अस्पताल में दो बच्चियों की मौत
एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो मासूमों की मौत से परिवार में मातम पसर गया। इसके बाद परिजन दोनों बच्चियों के शव लेकर एंबुलेंस से अपने पैतृक गांव जांजगीर-चांपा के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि दोनों बच्चियों के शव उन्हें बिना पोस्टमॉर्टम कराए सौंप दिए गए।
रास्ते में तीसरी बच्ची की भी बिगड़ी हालत
इसी दौरान एंबुलेंस में मौजूद तीसरी बच्ची की हालत भी रास्ते में अचानक गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तीसरी बच्ची को भी नहीं बचाया जा सका। एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: दोपहर में ही डल गया स्कूल पर ताला, दूसरी शाला में नहीं मिला एक भी छात्र; DEO ने प्रधानाध्यापक-प्राचार्य को दिया नोटिस
इटारसी में पोस्टमॉर्टम, बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा
बेटमा थाना प्रभारी सौरभ पांडे के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। हालांकि अभी मौत की पुख्ता वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को अपने कब्जे में लेकर इटारसी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कराई है। पोस्टमॉर्टम के बाद बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर बाघों की सुरक्षा का संकल्प: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व ने छात्रों और ग्रामीणों को बांधा ‘बाघ रक्षा सूत्र’
परिवार के अन्य सदस्यों की भी होगी जानकारी
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि खाना खाने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत कैसी रही। इसके अलावा भोजन से जुड़े तथ्यों और बच्चियों के उपचार के दौरान सामने आई जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने भी मामले की जांच किए जाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और इस समय मामले को लेकर अधिक जानकारी देना संभव नहीं है। फिलहाल तीनों बच्चियों की मौत का कारण फूड पॉइजनिंग ही था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम और बिसरा जांच की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।




















