बेटमा में जनविश्वास अभियान के तहत NCC कैडेटों ने किया पुलिस थाने का शैक्षणिक भ्रमण

बेटमा। मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जनविश्वास अभियान के अंतर्गत पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बेटमा के एनसीसी कैडेटों का शुक्रवार को पुलिस थाना बेटमा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को सशक्त बनाना था।
थाना प्रभारी ने बताई पुलिस की जिम्मेदारियां
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने एनसीसी कैडेटों का स्वागत करते हुए पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं, दैनिक कार्यप्रणाली, अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों तथा नागरिकों की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों की सहायता, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा जनसेवा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का भी निर्वहन करती है। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, शिकायतों के निराकरण, आपातकालीन सेवाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी उपयोगी जानकारी दी। इस दौरान कैडेटों ने पुलिस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और व्यवहारिक तरीके से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
ये भी पढ़ें: जनविश्वास अभियान के पहले दिन एक्शन में सीएम, छिंदवाड़ा CMHO, परासिया तहसीलदार और पटवारी को किया सस्पेंड
कानून के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, कानून का सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवा पीढ़ी यदि कानून के प्रति जागरूक होगी, तो समाज में अपराधों की रोकथाम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राहुल दुबे एवं एनसीसी प्रभारी अशोक राठौर सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भ्रमण से बढ़ा पुलिस के प्रति विश्वास
कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेटों ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस भ्रमण से उन्हें पुलिस विभाग के कार्यों को नजदीक से समझने का अवसर मिला। साथ ही पुलिस के प्रति उनका विश्वास और सम्मान पहले से अधिक मजबूत हुआ।












