रायसेन में बेटी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मां के घर से चुराए 10 लाख के जेवर

रायसेन। सलामतपुर पुलिस ने चोरी की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात फरियादिया की 23 वर्षीय बेटी ने अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दीवानगंज निवासी कमला बाई डागौर ने 17 सितंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब 7:45 बजे वह अपने बेटे के साथ शासकीय अस्पताल में साफ-सफाई के कार्य के लिए गई थीं। ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौटने पर मुख्य गेट पर ताला लगा मिला।
घर के अंदर मिले पैरों के निशान
कमला बाई ने ताला खोलकर घर में प्रवेश किया तो बेडरूम में पलंग की चादर पर पैरों के निशान दिखाई दिए। घर का पिछला गेट खुला हुआ था। जांच करने पर घर में रखा टिन का डिब्बा भी खुला मिला। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने सलामतपुर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से बेटी तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की तो वह फरियादिया की 23 वर्षीय बेटी सृष्टि डागौर निकली।
किराये के मकान में पुरुष मित्र के साथ मिली
पुलिस ने सृष्टि के बारे में जानकारी जुटाई तो उसके सूखी सेवनिया स्थित किराये के मकान में रहने की जानकारी मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची तो सृष्टि अपने पुरुष मित्र कार्तिक मेहर निवासी जमुनिया, सलामतपुर के साथ मिली। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
दोनों गिरफ्तार, चोरी के जेवर बरामद
पुलिस ने सृष्टि डागौर और कार्तिक मेहर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों की कीमत करीब 10 लाख रुपए है।



















