बेगमगंज न्यायालय में पहली बार रक्तदान शिविर, न्यायाधीशों-अधिवक्ताओं समेत 40 लोगों ने किया रक्तदान
अधिवक्ता संघ बेगमगंज की पहल पर बुधवार को न्यायालय परिसर में पहली बार विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जरूरतमंद मरीजों को समर्पित इस शिविर में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों सहित करीब 40 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। इसका उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का रूप देना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना था ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
न्यायाधीशों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में जिला प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सविता ओगले, द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश सचिन द्विवेदी, व्यवहार न्यायाधीश अन्ना ग्लोरी महेश्वरी एवं श्वेता चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। रक्तदान शिविर की शुरुआत द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश सचिन द्विवेदी ने स्वयं रक्तदान कर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए क्योंकि आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है।
ये भी पढ़ें: रील के लिए कट्टा, सड़क पर स्टंट! रीवा में युवक के VIDEO से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
जरूरतमंद मरीजों को समर्पित रहा शिविर
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संतोष प्रभाकर बुंदेला ने बताया कि शिविर का आयोजन जरूरतमंद मरीजों को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
ये भी पढ़ें: Raipur News: रायपुर रेलवे स्टेशन से 500 किलो पनीर जब्त: भोपाल से आई खेप पर कार्रवाई, 48 घंटे में दूसरी बड़ी रेड
विभिन्न वर्गों के लोगों ने लिया हिस्सा
रक्तदान शिविर में अधिवक्ताओं के अलावा न्यायालय कर्मचारी, पुलिसकर्मी, मुंशी, समाजसेवी और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
Edited By: Sumit Shrivastava














