सिंगरौली में टायर फटने से टिपर चालक की मौत, दो घायल; गर्म पहिया बदलते समय हुआ हादसा

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के बदिझिरिया गांव में रविवार रात टिपर का पहिया बदलते समय टायर फटने से 24 वर्षीय चालक अनिल साहू की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक पचौर निवासी था और VRCC कंपनी में कोल डिस्पैच करने वाले टिपर का चालक था।
हवा के दबाव से फटा टायर, चालक की मौके पर गई जान
घायल विजय साहू (17) के अनुसार टिपर का रिम और टायर काफी गर्म था। दुकान के कर्मचारियों ने पहिया ठंडा होने के बाद काम शुरू करने की सलाह दी थी। आरोप है कि गाड़ी मालिक के कथित दबाव में अनिल टायर लीवर से नट खोलने लगे। इसी दौरान हवा के अत्यधिक दबाव से जोरदार धमाका हुआ और टायर फट गया। धमाका इतना तेज था कि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई। हादसे में विजय साहू और पवन कोल (18) भी घायल हुए हैं, जिनका बैढ़न जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था अनिल
हादसे में जान गंवाने वाले अनिल साहू परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में छह माह की बच्ची भी है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करेंगे
घटनास्थल का मुआयना किया गया है। परिजनों की ओर से मिलने वाली लिखित शिकायत के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-अनिल पटेल, थाना प्रभारी, बरगवां




















