PSL में खेलेंगे या नहीं?BCB ने कहा- सरकार की मंजूरी के बाद ही पाकिस्तान जाएंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी, आखिर ऐसा क्यों?

PSL 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। अब बांग्लादेशी खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग में तभी खेलेंगे जब सरकार अनुमति देगी। क्षेत्रीय तनाव और खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। वहीं IPL में तेज गेंदबाजों की चोटों के कारण PSL खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों की नजर बढ़ गई है।
BCB ने कहा- सरकार की मंजूरी के बाद ही पाकिस्तान जाएंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी, आखिर ऐसा क्यों?
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 शुरू होने से पहले ही टूर्नामेंट के आसपास अनिश्चितता का माहौल बन गया है। एक तरफ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने खिलाड़ियों की पाकिस्तान यात्रा को सरकार की मंजूरी से जोड़ दिया है, तो दूसरी ओर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में तेज गेंदबाजों की चोटों ने PSL के लिए नई चिंता खड़ी कर दी है। अगर हालात ऐसे ही रहे तो PSL की टीमों को अपने खिलाड़ियों को बचाए रखने के लिए नई रणनीति बनानी पड़ सकती है।

    खिलाड़ियों की भागीदारी पर सरकार की मुहर जरूरी

    पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश क्रिकेट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने स्पष्ट कर दिया है कि, इस बार उसके खिलाड़ी पाकिस्तान जाकर PSL में तभी खेल पाएंगे जब बांग्लादेश सरकार यात्रा को सुरक्षित मानते हुए मंजूरी देगी।

    दरअसल, क्षेत्रीय सुरक्षा हालात को देखते हुए BCB ने यह सावधानी भरा कदम उठाया है। अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी कारण बोर्ड ने फैसला किया है कि, खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेजने से पहले सरकार से सलाह ली जाएगी।

    यह भी पढ़ें: चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका : नाथन एलिस पूरे टूर्नामेंट से बाहर, कौन हो सकता है रिप्लेसमेंट?

    छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों को मिला था NOC

    PSL 2026 के लिए बांग्लादेश के छह खिलाड़ियों को पहले ही NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी किया जा चुका है। ये खिलाड़ी अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा हैं। इन खिलाड़ियों में शामिल हैं-

    • मुस्तफिजुर रहमान
    • परवेज हुसैन एमोन (लाहौर कलंदर्स)
    • शोरीफुल इस्लाम
    • नाहिद राणा
    • तंजीद हसन तमीम
    • रिशाद हुसैन (पेशावर जाल्मी)

    हालांकि, NOC जारी होने के बावजूद अब इन खिलाड़ियों की पाकिस्तान यात्रा पूरी तरह सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगी।

    सुरक्षा को लेकर BCB की चिंता

    BCB के क्रिकेट ऑपरेशंस चेयरमैन नजमुल आबेदीन ने कहा कि मौजूदा हालात सामान्य नहीं हैं। इसलिए खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार से चर्चा करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि, आमतौर पर बोर्ड खुद NOC जारी कर देता है और खिलाड़ी विदेशी लीग में खेलने चले जाते हैं। लेकिन इस बार क्षेत्रीय तनाव के कारण स्थिति अलग है।

    उनके मुताबिक, सरकार के पास वहां की सुरक्षा स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी होती है, इसलिए अंतिम फैसला उसी के इनपुट के आधार पर लिया जाएगा। अगर सरकार यह मानती है कि पाकिस्तान यात्रा सुरक्षित है, तभी खिलाड़ियों को PSL खेलने की अनुमति दी जाएगी।

    Featured News

    PSL का शेड्यूल

    PSL 2026 का आयोजन 26 मार्च से 3 मई तक किया जाना है। इस सीजन को और भी खास बनाने के लिए टूर्नामेंट में दो नई टीमों को शामिल किया गया है। इस वजह से अब टीमों की संख्या 6 से बढ़कर 8 हो गई है और पूरे सीजन में कुल 44 मैच खेले जाएंगे।

    टूर्नामेंट के विस्तार से उम्मीद की जा रही थी कि इस बार प्रतियोगिता और भी रोमांचक होगी, लेकिन खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता ने लीग के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।

    न्यूजीलैंड सीरीज पर भी पड़ेगा असर

    अगर बांग्लादेश सरकार खिलाड़ियों को PSL खेलने की अनुमति देती है, तो इसका असर राष्ट्रीय टीम की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। दरअसल, न्यूजीलैंड की टीम अप्रैल में बांग्लादेश दौरे पर आने वाली है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

    सीरीज का कार्यक्रम इस प्रकार है-

    • न्यूजीलैंड टीम का आगमन - 13 अप्रैल
    • वनडे सीरीज - 17 अप्रैल से
    • टी20 सीरीज - 27 अप्रैल से 2 मई

    अगर खिलाड़ी PSL में व्यस्त रहते हैं तो वे न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के तैयारी कैंप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

    यह भी पढ़ें: AI डीपफेक पर सख्त हुए गौतम गंभीर : दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे, फर्जी वीडियो पर रोक की मांग

    आंशिक NOC का फैसला

    BCB ने इस समस्या का समाधान निकालते हुए खिलाड़ियों को आंशिक NOC दिया है, ताकि वे PSL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दोनों में संतुलन बना सकें। खिलाड़ियों के लिए NOC की अवधि इस प्रकार तय की गई है-

    • मुस्तफिजुर रहमान - 26 मार्च से 12 अप्रैल और 24 अप्रैल से 3 मई
    • तंजीद हसन तमीम - 12 अप्रैल तक
    • शोरीफुल इस्लाम - 12 अप्रैल तक
    • नाहिद राणा - 12 अप्रैल तक
    • रिशाद हुसैन - 12 अप्रैल तक
    • परवेज हुसैन - 21 अप्रैल तक (सिर्फ टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध)

    इस व्यवस्था के जरिए बोर्ड चाहता है कि खिलाड़ी विदेशी लीग में भी खेलें और राष्ट्रीय टीम के लिए भी उपलब्ध रहें।

    IPL की चोटों ने PSL के लिए बढ़ाई मुश्किल

    PSL 2026 के लिए एक और चुनौती इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से सामने आ रही है। दरअसल, IPL में कई तेज गेंदबाज चोटिल हो गए हैं, जिससे फ्रेंचाइजी टीमों को नए गेंदबाजों की तलाश करनी पड़ रही है। ऐसे में IPL टीमों की नजर PSL में खेल रहे खिलाड़ियों पर है।

    हाल ही में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड का साथ छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) जॉइन कर लिया। इस घटना के बाद से यह चर्चा तेज हो गई है कि IPL टीमें PSL के खिलाड़ियों को ऑफर दे सकती हैं।

    Breaking News

    पहले भी हो चुका है ऐसा

    यह पहली बार नहीं है जब PSL के खिलाड़ी IPL की ओर गए हों। पिछले सीजन में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने पेशावर जाल्मी को छोड़कर मुंबई इंडियंस का साथ दिया था। ऐसे उदाहरणों से साफ है कि खिलाड़ियों के लीग बदलने का यह ट्रेंड अब धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है।

    IPL में चोटिल खिलाड़ियों की लंबी सूची

    IPL 2026 से पहले कई बड़े खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। इससे टीमों की रणनीति प्रभावित हुई है। कुछ प्रमुख खिलाड़ी जो बाहर हो चुके हैं-

    • चेन्नई सुपर किंग्स के नाथन एलिस
    • राजस्थान रॉयल्स के सैम करन
    • कोलकाता के हर्षित राणा
    • मुंबई इंडियंस के अथर्व अंकोलेकर

    इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाजों की उपलब्धता भी स्पष्ट नहीं है।

    इनमें शामिल हैं-

    • जोश हेजलवुड
    • पैट कमिंस
    • मिचेल स्टार्क

    इन खिलाड़ियों के खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

    यह भी पढ़ें: अर्जुन तेंदुलकर ने किया कुछ ऐसा, ऋषभ पंत भी रह गए दंग

    PSL के गेंदबाजों पर IPL की नजर

    तेज गेंदबाजों की कमी को देखते हुए IPL टीमें अब PSL में मौजूद खिलाड़ियों को विकल्प के तौर पर देख रही हैं। PSL में मौजूद कुछ गेंदबाज जिन पर नजर हो सकती है-

    • रिचर्ड ग्लीसन
    • शमार जोसेफ
    • अल्जारी जोसेफ
    • रिले मेरडिथ
    • पीटर सिडल

    शमार जोसेफ पहले लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रह चुके हैं, जबकि अल्जारी जोसेफ और रिले मेरडिथ भी IPL का अनुभव रखते हैं।

    41 साल के अनुभवी गेंदबाज पीटर सिडल भी अभी तक लगभग 140 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं।

    PCB के लिए नई चुनौती

    अगर IPL टीमें PSL में खेल रहे खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ती हैं, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है। क्योंकि PSL के दौरान खिलाड़ियों का दूसरी लीग में जाना टूर्नामेंट को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर भी टीमों को नई रणनीति बनानी पड़ सकती है।

    यह भी पढ़ें: IPL 2026 : चिन्नास्वामी स्टेडियम से आगाज, 13 अलग- अलग वेन्यू पर भिड़ंत, बिग- 3 पर रहेगी सबकी नजरें

    वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन पर भी नजर

    बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम इस समय ICC वनडे रैंकिंग में नौवें स्थान पर है। टीम अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने की कोशिश कर रही है। हाल ही में पाकिस्तान को 2-1 से हराने के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। अब बांग्लादेश की नजर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज जीतकर अपनी रैंकिंग सुधारने पर है। इसी कारण BCB चाहता है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम के लिए भी उपलब्ध रहें।

    अभी अंतिम फैसला बाकी

    फिलहाल PSL में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पूरी तरह सरकार के फैसले पर निर्भर है। अगर सरकार यात्रा को सुरक्षित मानती है तो खिलाड़ी पाकिस्तान जाकर PSL में खेलेंगे। लेकिन अगर सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बनी रहती है तो खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी निभानी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि PSL 2026 में बांग्लादेश के खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे या नहीं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts