बैंक कर्मचारियों के लिए DA में बढ़ोतरी का ऐलान:किसे कितनी मिलेगी सैलरी, समझें पूरी कैलकुलेशन

डीए में 0.70 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे सैलरी 435 रुपये से लेकर 1,050 रुपये तक बढ़ेगी। यह बढ़ोतरी कर्मचारियों के बेसिक पे के अनुसार अलग-अलग होगी। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन ने सीपीआई के आधार पर यह संशोधन किया है। हालांकि यूनियनों ने इसे अपेक्षा से कम बताया है।
कितना बढ़ा महंगाई भत्ता ?
सरकार ने मई से जुलाई 2026 की तिमाही के लिए बैंक कर्मचारियों के DA में 0.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। पहले यह 25 प्रतिशत था, जिसे अब बढ़ाकर 25.70 प्रतिशत कर दिया गया है। यह फैसला महंगाई के आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, कर्मचारियों और यूनियनों का मानना है कि यह बढ़ोतरी काफी सीमित है। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई दर को देखते हुए DA में और ज्यादा वृद्धि होनी चाहिए थी। इसके बावजूद यह संशोधन नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।
ये भी पढ़ें: ‘सपनों का शहर’ में डर का साया? कोटा के हॉस्टलों में लगे 'खुदकुशी प्रूफ' पंखे, सामने आया VIDEO
सैलरी में कितना होगा इजाफा ?
इस बढ़ोतरी का असर कर्मचारियों की मंथली सैलरी पर सीधे तौर पर पड़ेगा। बता दें कि जिन कर्मचारियों का बेसिक वेतन 48 हजार रुपये से 1 लाख 17 हजार रुपये के बीच है, उन्हें इसका फायदा मिलेगा। अनुमान के अनुसार, सैलरी में 435 रुपये से लेकर 1,050 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। यह इजाफा भले ही बड़ा नहीं है, लेकिन इससे कर्मचारियों की कुछ इनकम बढ़ेगी।
किस स्टेज पर कितनी बढ़ेगी सैलरी ?
अलग-अलग वेतनमान के अनुसार DA बढ़ोतरी का असर अलग-अलग होगा। स्टेज 1 पर 48 हजार 480 रुपये की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों को लगभग 435 रुपये का फायदा होगा। स्टेज 10 पर 67 हजार 160 रुपये बेसिक पे वालों को करीब 601 रुपये की बढ़ोतरी होगी। स्टेज 20 पर 93 हजार 960 रुपये बेसिक वेतन वालों को लगभग 838 रुपये का फायदा मिलेगा। वहीं, स्टेज 25 पर 1 लाख 8 हजार 260 रुपये तक के वेतन पर करीब 965 रुपये प्रति माह की वृद्धि होगी।
ये भी पढ़ें: खतरे के बीच सस्ता सौदा! इराक ने क्रूड पर दी भारी छूट, $33 प्रति बैरल तक सस्ता मिलेगा तेल
किस आधार पर हुआ डीए डिसाइड ?
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के मुताबिक डीए का कैलकुलेशन औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के आधार पर की जाती है। जनवरी 2026 में CPI 148.6, फरवरी में 148.5 और मार्च में 149.1 दर्ज किया गया। इन तीन महीनों का औसत 148.73 रहा है। 2016 के बेस इंडेक्स 123.03 के मुकाबले यह अंतर 25.70 निकलता है। इसी आधार पर DA में 0.70 प्रतिशत की वृद्धि तय की गई है, जो निर्धारित अवधि के लिए लागू होगी।












