Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

किरनापुर थाना उपद्रव मामले में बड़ी कार्रवाई, 24 आरोपी गिरफ्तार; 17 जेल भेजे गए, 7 पुलिस रिमांड पर

बालाघाट के किरनापुर में गर्भवती महिला से कथित मारपीट के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों पर पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
किरनापुर थाना उपद्रव मामले में बड़ी कार्रवाई, 24 आरोपी गिरफ्तार; 17 जेल भेजे गए, 7 पुलिस रिमांड पर

बालाघाट। किरनापुर में गर्भवती महिला से कथित मारपीट के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों पर पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक 24 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है। गुरुवार को सभी आरोपियों को जिला सत्र न्यायालय में पेश किया गया। इनमें से 17 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि 7 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

वीडियो के आधार पर 24 आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आए वीडियो के आधार पर 24 लोगों की पहचान की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अन्य वीडियो की भी जांच की जा रही है। इनके आधार पर अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, मामले में 200 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की संभावना है। अन्य आरोपियों की पहचान होने के बाद अलग-अलग चरणों में कार्रवाई की जा सकती है।

EOW की छापेमारी में प्रबंधक की तीन करोड़ की बेहिसाबी संपत्ति उजागर, पांच स्लीपर बस, पांच लग्जरी कार

कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी

गुरुवार को आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस ने आरोपियों को सुरक्षा घेरे में रखा और चार-चार की संख्या में उन्हें कोर्ट में पेश किया। इस दौरान सीएसपी मयंक तिवारी, किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी, रूपझर थाना प्रभारी कामेश धूमकेती सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, पिछले महीने क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में 2 सितंबर को कैलाश चौधरी और उनकी दो माह की गर्भवती पत्नी सावित्री चौधरी को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई थी। कैलाश चौधरी ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मियों ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। मामले के बाद पुलिस अधीक्षक ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था और जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी।

बालाघाट में सोसायटी प्रबंधक के पास 5 बस, 2 ट्रैक्टर और 4 फोर व्हीलर, EOW का छापा

15 सितंबर को हुआ था प्रदर्शन

निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर मरार माली समाज ने 15 सितंबर को किरनापुर में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुटे। पुलिस के अनुसार, कुछ लोग थाना परिसर में घुस गए और तोड़फोड़ करने के साथ पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। पथराव में एसडीओपी समेत 17 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया।

शराब बांटने और साजिश के आरोपों की जांच

प्रदर्शन के दौरान भीड़ जुटाने के लिए शराब बांटे जाने और हिंसक उपद्रव के पीछे साजिश होने जैसी चर्चाएं भी सामने आई हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि उपद्रव मामले में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 17 को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है, जबकि 7 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts