Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गर्भवती महिला से थाने में मारपीट के आरोप में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SIT दो हफ्ते में देगी रिपोर्ट

  बालाघाट के किरनापुर थाने में चोरी के मामले की पूछताछ के दौरान पति-पत्नी से मारपीट और अमानवीय व्यवहार के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। मामले की जांच के लिए डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है।  
गर्भवती महिला से थाने में मारपीट के आरोप में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SIT दो हफ्ते में देगी रिपोर्ट
बालाघाट। महिला से मारपीट की शिकायत करने पहुंचे परिजन और स्थानीय लोग।

बालाघाट। किरनापुर थाना पुलिस पर चोरी के एक मामले में पूछताछ के दौरान पति-पत्नी के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने तत्काल कारंर्वाई करते हुए उपनिरीक्षक दामेन्द्र तुरकर, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, आरक्षक कपिल बघेल और महिला आरक्षक मेघा टेकाम को निलंबित कर रक्षित केंद्र भेज दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। टीम को दो सप्ताह में रिपोर्टं सौंपने के निर्देंश दिए गए हैं।

पूछताछ के लिए बुलाया था दंपति को

मामला 21 अगस्त को किरनापुर डाकघर में हुई चोरी से जुड़ा है। पालडोंगरी के नागुटोला निवासी शीला कारमेगे ने बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाले थे। इसी दौरान नोट गिनने के बहाने एक व्यक्ति ने उन्हें उलझाया और कथित तौर पर अलका गिरिया के बैग से 50 हजार रुपये चोरी हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने कैलाश चौधरी और उसकी पत्नी सावित्री चौधरी को पूछताछ के लिए 2 सितंबर को थाने बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों ने दंपति पर चोरी कबूल करने का दबाव बनाया। इसी दौरान दोनों के कपड़े उतरवाकर मारपीट की गई। परिजनों के अनुसार सावित्री करीब दो माह की गर्भवती है और उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। महिला को 3 सितंबर शाम तक थाने में रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है।

ये भी पढ़ें: सागर में जहरीली शराब से 22 मौतें, 100 से ज्यादा बीमार; मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत

सोमवार को पीड़ित परिवार ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। महिला की हालत को देखते हुए परिजन उसे खटिया पर लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। रिटायर्ड फौजी रिश्तेदार तोषण राहंगडाले और देवर रवि चौधरी ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद एसपी ने निलंबन की कार्रवाई करते हुए एसआईटी गठित कर दी। परिजनों ने मामले की शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक तथा महिला आयोग सहित अन्य स्तरों पर भी भेजी है। अब एसआईटी की जांच रिपोर्ट से आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। 

ये भी पढ़ें: हरदा में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आरोपी चालक फरार

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts