Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बाबा ने बताया था तुम्हारा राजसी योग है... लौटते ही पत्नी ने 50 लाख, मकान देने की शर्त रख दी

महंगा पड़ा बाबा से इलाज, रिश्ता टूटने की कगार पर
Follow on Google News
बाबा ने बताया था तुम्हारा राजसी योग है... लौटते ही पत्नी ने 50 लाख, मकान देने की शर्त रख दी

पल्लवी वाघेला-भोपाल। इलाज के लिए पत्नी को राजस्थान के एक काली पगड़ी वाले बाबा के पास भेजना एक पति को महंगा पड़ गया। राजधानी में रहने वाले इस दंपति का रिश्ता अब टूटने की कगार पर है। दरअसल, बाबा ने महिला को उसके पिछले जन्म के राजसी योग की ऐसी कहानी सुनाई कि वहां से लौटते ही उसने पति से भारी-भरकम पैसे की डिमांड कर डाली। अब महिला मायके में बेटी के साथ है। वहीं दंपति का 10 साल का बड़ा बेटा पिता के साथ रह रहा है। पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक का केस लगाया है।

दंपति की शादी 12 साल पहले हुई थी। उनके 10 और 7 साल के दो बच्चे हैं। काउंसलर शैल अवस्थी ने बताया कि दंपति संयुक्त परिवार में रहते हैं। पति का बिजनेस है। पांच साल पहले पत्नी को लकवा मार गया था। इलाज के बाद भी उसे बोलने और हाथ-पैर में दिक्कत थी।

इधर, काउंसलिंग के दौरान पति का कहना था कि उसने पत्नी के इलाज में लाखों खर्च कर दिए। और गाड़ी भी बिक गई। दो साल पहले उसे जानकारी मिली कि राजस्थान में एक बाबा दावे से हर बीमारी का इलाज करते हैं। इस पर उसने पत्नी को उसके पिता के साथ वहां भेजा। एक हफ्ते बाद पत्नी घर आने की बजाय सीधे मायके चली गई। उसे लेने पहुंचा तो उसने 50 लाख रुपए और मकान देने की शर्त रख दी। बहुत समझाया, लेकिन वह नहीं मानी और 2 साल से मायके में ही है।

बेटी को भी नहीं भेजा

जानकारी के मुताबिक, पत्नी ने साथ रह रही बेटी को भी नहीं भेजा। इतना ही नहीं, उसने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का केस भी लगा दिया। बदले में पति ने भी तलाक का केस दायर कर दिया। कोर्ट में पत्नी ने कहा कि वह राजसी योग के साथ पैदा हुई है, लेकिन पति उसकी संपत्ति पर फन फैलाकर बैठा है। मामला अभी भी कोर्ट में है।

सुनवाई पर मिल पाते हैं भाई-बहन

काउंसर शैल अवस्थी के मुताबिक, दंपति के बच्चे माता-पिता के झगड़े में अलग हो गए हैं। जब सुनवाई होती है, तभी दोनों आपस में मिल पाते हैं। यह क्षण बहुत भावुक करने वाला होता है। हर बार बच्चे यही कहते नजर आते हैं कि वह दोनों साथ रहना चाहते हैं। दूर जाते हुए दोनों फूटफूट कर रोते हैं।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts