VIDEO : याद रहेगा ये सबक: प्रसाद बेचने के नाम पर कर रहे थे दादागिरी, पुलिस और प्रशासन ने दुकानों पर चला दिया बुलडोजर

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर समेत काल भैरव और अन्य मंदिरों में प्रसाद और फूल बेचने वालों की श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और दादागिरी की शिकायतें आती रही हैं, लेकिन इस बार पुलिस और प्रशासन ने जो सबक सिखाया है, वह एक नजीर बन सकता है। रविवार को उज्जैन में देव दर्शन के लिए आए सुप्रीम कोर्ट के वकील और उनके परिवार के साथ चंद बदमाशों ने काल भैरव मंदिर पर मारपीट की, उनके बच्चों को पीटा और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ भी की। ये सभी लोग काल भैरव मंदिर के बाहर प्रसाद न खरीदने पर भक्तों को दादागिरी दिखा रहे थे। इस केस में वकील सहित तीन लोग घायल हुए, हालांकि प्रशासन और पुलिस ने ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मंदिर परिसर के बाहर बनीं पार्किंग में से फूल-प्रसादी की 25 दुकानों पर बुलडोजर ही चला दिया। प्रशासन और पुलिस के मुताबिक ये दुकानें अवैध तौर पर बनी हुई थीं।
यह है मामला
रविवार को मुंबई के बोरीवली वेस्ट में रहने वाले सुप्रीम कोर्ट के वकील अमरदीप भट्टाचार्य और उनके भाई हाईकोर्ट वकील अमरदीप भट्टाचार्य दोनों परिवारों के कुल आठ लोग देव दर्शन के लिए काल भैरव मंदिर पहुचे। सी दौरान मंदिर के बाहर राजा भाटी नामक युवक ने सभी पर प्रसाद खरीदने का दबाव बनाया और नहीं लेने पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित परिवार की सेजल भट्टाचार्य ने बताया कि रविवार सुबह भस्म आरती के बाद सभी एक मैजिक वाहन हायर कर काल भैरव मंदिर गए थे। यहां पहुंचते ही उनकी गाड़ी को रोक दिया और प्रसाद खरीदने का दबाव बनाने लगे, जब प्रसाद नहीं लिया तो जबरदस्ती गाड़ी में प्रसाद फेंक दिया और 200 रूपए मांगने लगे। इतना ही नहीं इन लोगों ने ड्राइवर कमल कुमार को भी धमकाया। इसी दौरान राजा बाटी के साथ की लोगों ने इस परिवार को घेर कर जानलेवा हमला कर दिया। इन लोगों ने साथ मौजूद बच्चियों और महिलाओं को छेड़ा और बच्चों के साथ तक मारपीट की गई।












