Assam Board Exam : पेपर लीक के कारण असम बोर्ड ने रद्द की 11वीं कक्षा की सभी परीक्षाएं, 24 से 29 मार्च तक होने थे एग्जाम

Assam Board Exam : पेपर लीक के कारण असम बोर्ड ने रद्द की 11वीं कक्षा की सभी परीक्षाएं, 24 से 29 मार्च तक होने थे एग्जाम
दिसपुर। असम राज्य में बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक होने की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (ASSEB) ने 11वीं कक्षा की सभी विषयों की परीक्षा रद्द कर दी है। 24 से 29 मार्च तक आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया, जिनमें कुल 36 विषय शामिल थे।

शिक्षा मंत्री का बयान

असम के शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने जानकारी दी कि राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर प्रश्न पत्र लीक होने की खबरों के बाद यह फैसला लिया गया है। यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी 21 मार्च 2025 को असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (ASSEB) की 11वीं कक्षा की गणित परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, जिसके कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।

परिक्षाओं का नया शेड्यूल जल्द होगा जारी

शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "एक्स" पर एक पोस्ट में कहा, "प्रश्न पत्र लीक और परीक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन की खबरों के कारण, एचएस प्रथम वर्ष परीक्षा 2025 (24-29 मार्च से निर्धारित) के शेष विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।" मंत्री ने बताया कि परीक्षाओं के नए कार्यक्रम को लेकर सोमवार को बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

सील तोड़ने वाले स्कूलों पर कार्रवाई

एक अन्य पोस्ट में मंत्री ने बताया कि गणित का पेपर इसलिए लीक हुआ क्योंकि राज्यभर में तीन सरकारी संस्थानों सहित 18 स्कूलों ने निर्धारित परीक्षा से एक दिन पहले सुरक्षा सील तोड़ दी थी। इस मामले में असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (एएसएसईबी) ने 10 जिलों के 15 निजी स्कूलों की संबद्धता निलंबित कर दी है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन अन्य स्कूलों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और इन स्कूलों को 2025-26 शैक्षणिक वर्ष के लिए कक्षा 11 के छात्रों को प्रवेश देने से रोक दिया गया है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts