अनिल कपूर का ‘इंडिया के टॉप 1%’ अब विदेशों में भी दिखाएगा जलवा, बुर्ज खलीफा पर नजर आया शो

अनिल कपूर की मेजबानी वाला लोकप्रिय क्विज शो ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ अब भारत के बाद अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने जा रहा है। शो की अंतरराष्ट्रीय पहुंच की शुरुआत दुबई के प्रतिष्ठित बुर्ज खलीफा से हुई, जहां जियोहॉटस्टार के खास लाइट डिस्प्ले में अनिल कपूर और शो की झलक दिखाई गई। बुर्ज खलीफा पर शो की मौजूदगी ने इसके अंतरराष्ट्रीय विस्तार को खास बना दिया। यह भव्य लाइट डिस्प्ले STARZPLAY के साथ साझेदारी में जियोहॉटस्टार की मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका में शुरुआत के जश्न का हिस्सा था।
बुर्ज खलीफा पर दिखी अनिल कपूर और शो की झलक
दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर जियोहॉटस्टार के ‘बिग बैंग’ लाइट डिस्प्ले के दौरान अनिल कपूर और ‘इंडिया के टॉप 1%’ की झलक दिखाई गई। शो के लिए यह एक खास उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि अब इसकी पहुंच भारतीय दर्शकों से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक होने जा रही है। शो में अनिल कपूर अपने खास अंदाज में प्रतियोगियों के साथ बातचीत करते हैं। मजेदार सवालों, दिलचस्प बातचीत और अलग-अलग विषयों पर आधारित सवालों के जरिए प्रतियोगियों की सोच, तर्क और सामान्य समझ को परखा जाता है।
मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका में भी देख सकेंगे शो
जियोहॉटस्टार के अंतरराष्ट्रीय विस्तार के साथ अब मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका के दर्शक भी ‘इंडिया के टॉप 1%’ का आनंद ले सकेंगे। शो में अनिल कपूर की हाजिरजवाबी और प्रतियोगियों के साथ उनकी सहज बातचीत इसका खास आकर्षण है। शो के अलग-अलग राउंड में ऐसे सवाल पूछे जाते हैं, जिनका जवाब केवल सामान्य जानकारी के आधार पर देना आसान नहीं होता। प्रतियोगियों को तर्क, सूझबूझ और अपनी सोच के आधार पर सही जवाब तक पहुंचना होता है। यही वजह है कि शो में दर्शकों के लिए भी सवालों के जवाब तलाशने का मौका रहता है।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में इमोशनल हुए राजपाल यादव, कहा - ‘मेरे 17 करोड़ डूब गए’, सुनाई दिलचस्प कहानी
हर शनिवार और रविवार प्रसारण
‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस पर किया जा रहा है। दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकते हैं और शो के सवालों के साथ खुद भी जवाब देने की कोशिश कर सकते हैं। शो के अंतरराष्ट्रीय विस्तार के साथ अब अनिल कपूर की मेजबानी और ‘इंडिया के टॉप 1%’ का क्विज फॉर्मेट भारत के बाहर रहने वाले दर्शकों तक भी पहुंच रहा है।




















