अंबेडकरनगर में AC बस-ट्रेलर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत; 4 गंभीर घायल, ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में शुक्रवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही AC बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 5 बजे जैतपुर थाना क्षेत्र में हुआ।
टक्कर में बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। टक्कर के बाद कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बस के शीशे और क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। करीब 40 मिनट तक चले रेस्क्यू के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया।
बस में करीब 50 यात्री थे
बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी। हादसे के वक्त बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है। एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह के मुताबिक, बस 'तिघरा एक्सप्रेस' ट्रैवल की थी। शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर हुआ।
हादसे में 4 लोगों की मौत
हादसे में 4 यात्रियों की मौत हुई है। इनमें से एक मृतक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है, जो बिहार के रहने वाले थे। बाकी तीन मृतकों की पहचान की जा रही है। वहीं, घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) समेत अन्य लोग शामिल हैं। चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
राजस्थान से बिहार जा रहा था ट्रेलर
जिस ट्रेलर से बस की टक्कर हुई, वह राजस्थान से बिहार जा रहा था। ट्रेलर में टाइल्स लदी हुई थीं। हादसे के बाद बस के ड्राइवर, कंडक्टर और ट्रेलर चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।




















