पंजाब के मोगा में AAP की महारैली से पहले हादसा, फटी कॉफी मशीन; एक व्यक्ति गंभीर

मोगा में आम आदमी पार्टी की महारैली से पहले हादसा हो गया। रैली स्थल पर अचानक कॉफी मशीन फट गई। मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे व्यक्ति के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कुछ ही देर में मोगा में महारैली को संबोधित करने वाले हैं। इस रैली के जरिए पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज करेगी।
2027 चुनाव के लिए AAP का रोडमैप
रैली में अरविंद केजरीवाल पंजाब को और खुशहाल बनाने का रोडमैप पेश करेंगे। वहीं, भगवंत मान सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगे। पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं को अपनी उपलब्धियों के तौर पर पेश करेगी। AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू के मुताबिक, रैली में मुख्यमंत्री मान, पूरी कैबिनेट और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप शामिल होगी। पार्टी का दावा है कि उसने 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा किया है।
भाजपा-अकाली गठबंधन पर भी साधेंगे निशाना
रैली में केंद्र सरकार पर पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और फंड के मुद्दे पर भेदभाव करने के आरोप भी उठाए जा सकते हैं। इसके अलावा भाजपा और अकाली दल के गठबंधन को लेकर भी AAP नेता निशाना साध सकते हैं।
116 एकड़ में तैयार किया गया रैली स्थल
मोगा-लुधियाना रोड पर मटवानी गांव में सुबह 11 बजे से रैली का कार्यक्रम निर्धारित है। AAP नेता कुलदीप सिंह धालीवाल के मुताबिक, रैली के लिए 116 एकड़ में पंडाल तैयार किया गया है। यहां पार्किंग, लंगर, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
संविधान दिवस पर सुनील जाखड़ ने केजरीवाल-सिसोदिया पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने संविधान दिवस के मौके पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा। जाखड़ ने सवाल किया कि संविधान दिवस मनाने वाले केजरीवाल और सिसोदिया बताएं कि संविधान में कहां चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, आपसी फूट डालने और झूठ का सहारा लेने की अनुमति दी गई है। उन्होंने केजरीवाल के मोगा दौरे को लेकर भी 2017 की एक घटना का जिक्र किया और आरोप लगाया कि उस दौरान केजरीवाल ऐसे व्यक्ति के घर ठहरे थे, जो गंभीर आरोपों का सामना कर रहा था।
जाखड़ ने सवाल किया कि क्या इस बार मोगा दौरे के दौरान केजरीवाल उस व्यक्ति को भी AAP में शामिल करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी पंजाब में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को शामिल कर रही है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। हालांकि, ये सभी आरोप सुनील जाखड़ की ओर से लगाए गए हैं।




















