गेट खोलने में देरी पर जीजा ने पत्थर की पटिया से की साले की हत्या, 4 घंटे में गिरफ्तार

गोहद। घर का गेट खोलने में हुई देरी को लेकर हुए विवाद में एक जीजा ने अपने 19 वर्षीय साले की पत्थर की पटिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना 25 नवंबर की रात करीब 10:45 बजे की है। आरोपी ने घर के सामने नाली पर रखी पत्थर की पटिया उठाकर युवक के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार होकर श्मशान घाट के पास छिप गया। हालांकि गोहद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे वारदात के करीब चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गेट खोलने में देरी पर हुआ विवाद
मृतक की पहचान सूरज पुत्र जगदीश (19), निवासी वार्ड क्रमांक 4, प्रकाश नगर गोहद के रूप में हुई है। आरोपी आनंद निगम पुत्र कल्याण सिंह (32), निवासी श्यामपुर थाना मेहगांव, मृतक का सगा जीजा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की रात करीब 10:45 बजे आनंद निगम घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि शराब का आदी आरोपी गेट खोलने में देरी होने पर अपने साले सूरज से विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने घर के सामने नाली पर रखी पत्थर की पटिया उठाई और सूरज के सिर पर पूरी ताकत से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सूरज पीछे की ओर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
श्मशान घाट के पास छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के भाई विकास जाटव की रिपोर्ट पर गोहद थाना पुलिस ने आरोपी आनंद निगम के खिलाफ अपराध क्रमांक 293/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। वारदात के तुरंत बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गोहद-बैसली डैम रोड पर श्मशान घाट के पास छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 26 नवंबर की अलसुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने हत्या के करीब चार घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया।
एसपी के निर्देशन में गठित की गई थी पुलिस टीम
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन में टीम गठित की गई थी। एसडीओपी महेंद्र कुमार गौतम के मार्गदर्शन तथा गोहद थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक रामनिवास गुर्जर, प्रधान आरक्षक सोनू कुमार, उग्रसेन, आकाश केन, जितेंद्र पाराशर, संतोष सिंह, आरक्षक भानु तोमर, धीरज सिकरवार और गोहद चौराहा थाने के आरक्षक परशुराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।




















