Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Ahmedabad Plane Crash : DNA मिलान से 99 मृतकों की हुई पहचान, 64 शव परिजनों को सौंपे

Follow on Google News
Ahmedabad Plane Crash : DNA मिलान से 99 मृतकों की हुई पहचान, 64 शव परिजनों को सौंपे
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को हुए एअर इंडिया विमान हादसे के बाद मृतकों की पहचान का काम तेजी से जारी है। सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि अब तक 99 शवों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 64 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। उनका अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ राजकोट में किया जाएगा।

DNA टेस्ट से शवों की हो रही पहचान, प्रक्रिया अब भी जारी

सिविल अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि 'अब तक 99 शवों की DNA मिलान के ज़रिए पहचान की गई है, और इनमें से 64 शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।' उन्होंने यह भी बताया कि शव गुजरात और राजस्थान के विभिन्न जिलों- खेड़ा, अहमदाबाद, कोटा, मेहसाणा, भरूच, वडोदरा, अरावली, आनंद, जूनागढ़, भावनगर, अमरेली, माहीसागर आदि में भेजे गए हैं।

परिजनों से अपील, प्रक्रिया में धैर्य रखें

डॉ. पटेल ने कहा कि कुछ शव बुरी तरह जल जाने के कारण पहचाने नहीं जा सके, इसलिए डीएनए परीक्षण ही एकमात्र जरिया है। हम परिजनों से अपील करते हैं कि घबराएं नहीं, यह प्रक्रिया संवेदनशील और कानूनी रूप से जरूरी है। जैसे ही रिपोर्ट आती है, उन्हें तुरंत सूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को 72 घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा है, लेकिन यह राष्ट्रीय और कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।

250 से अधिक सैंपल एकत्र किए गए

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अब तक 250 से अधिक मृतकों के सैंपल एकत्र कर लिए गए हैं। इनमें न केवल विमान में सवार लोग, बल्कि हॉस्टल बिल्डिंग और आसपास मौजूद लोग भी शामिल हैं। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की अंतिम पुष्टि हो पाएगी।

हादसे की जांच के आदेश, तकनीकी कारणों पर फोकस

  • सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
  • जांच एजेंसियां ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर का विश्लेषण कर रही हैं।
  • हादसे के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ने और ऊंचाई से तेजी से गिरने की रिपोर्ट है।

सभी शवों की पहचान के बाद अंतिम आंकड़ा होगा साफ

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की कुल संख्या फिलहाल 275 मानी जा रही है, लेकिन अंतिम संख्या डीएनए जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।

12 जून को हुआ था भीषण हादसा, 275 की मौत

घटना 12 जून को दोपहर 1:39 बजे हुई जब एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद बीजे मेडिकल कॉलेज एंड सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की इमारत से टकरा गई।
  • विमान में कुल 242 लोग सवार थे – जिनमें 229 यात्री, 10 केबिन क्रू, और 2 पायलट शामिल थे।
  • इनमें से 241 की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से जीवित बच गया।
  • हादसे में हॉस्टल की इमारत में मौजूद 29 अन्य लोग भी मारे गए, जिनमें 5 MBBS छात्र भी शामिल थे।
  • अब तक कुल 275 मौतें दर्ज की गई हैं।
(अहमदाबाद से जितेंद्र शर्मा की रिपोर्ट)
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts