'फ्यूल स्विच में कोई खराबी नहीं मिली...'अहमदाबाद विमान हादसे पर संसद में बोली केंद्र सरकार, पुराने दावे खारिज

नई दिल्ली/अहमदाबाद। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर सरकार ने राज्यसभा में बड़ा बयान दिया है। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि अब तक की जांच में फ्यूल कंट्रोल स्विच में किसी भी तरह की तकनीकी खराबी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि विमान निर्माता कंपनी के एडवांस टेस्ट और जांच में भी सिस्टम सामान्य पाया गया है। हालांकि, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया था कि टेकऑफ के कुछ देर बाद दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए थे, जिससे दोनों इंजन बंद हो गए और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सरकार ने क्या कहा?
राज्यसभा में कांग्रेस सांसद जेबी मैथेर के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि फ्यूल कंट्रोल स्विच की विस्तृत जांच की गई है। उन्होंने बताया कि स्विच के लॉकिंग मैकेनिज्म और उसकी मजबूती (Structural Integrity) की भी जांच हुई, लेकिन कहीं कोई खराबी नहीं मिली। हालांकि, पूरे थ्रस्ट कंट्रोल मॉड्यूल की जांच अभी भी अमेरिका के सिएटल स्थित ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) सेंटर में जारी है।
शुरुआती रिपोर्ट में क्या कहा गया था?
AAIB की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में बताया गया था कि उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए थे। इससे इंजनों तक ईंधन पहुंचना बंद हो गया और दोनों इंजन काम करना बंद कर गए।
रिपोर्ट में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग का भी जिक्र था, जिसमें एक पायलट दूसरे से पूछता है कि स्विच क्यों बदले गए, जबकि दूसरा पायलट ऐसा करने से इनकार करता है। इसके बाद यह सवाल उठा था कि स्विच किसी पायलट ने बदले थे या इसके पीछे कोई तकनीकी कारण था।
यह भी पढ़ें: Ahmedabad Fire : अहमदाबाद फैक्ट्री हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
अंतिम रिपोर्ट में देरी से सरकार का इनकार
सरकार ने यह भी साफ किया कि जांच रिपोर्ट आने में किसी तरह की देरी नहीं हुई है। मुरलीधर मोहोल ने कहा कि बड़े विमान हादसों की जांच बेहद जटिल होती है और इसे किसी तय समय-सीमा में पूरा नहीं किया जा सकता। जांच के दौरान हर तकनीकी और मानवीय पहलू की गहराई से पड़ताल की जाती है। जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी और AAIB की वेबसाइट पर भी जारी की जाएगी।
पायलट की भूमिका की भी हो रही जांच
राज्यसभा में यह भी पूछा गया कि क्या जांच में पायलटों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस पर सरकार ने कहा कि हादसे से जुड़े सभी संभावित कारणों और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी एक वजह पर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
12 जून 2025 को हुआ था बड़ा हादसा
12 जून 2025 को एयर इंडिया की AI-171 फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। टेकऑफ के कुछ ही समय बाद विमान मेघानीनगर स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत जमीन पर मौजूद लोगों की भी मौत हुई। कुल 270 लोगों की जान गई थी। विमान में सवार सिर्फ एक यात्री ही जीवित बच पाया था।
जांच अभी जारी
सरकार का कहना है कि फिलहाल जांच पूरी नहीं हुई है। इसलिए हादसे की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी, जिसमें हादसे के कारण और सभी तकनीकी निष्कर्ष शामिल होंगे।











