आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी बेकाबू कार, हादसे में 3 की मौत; 2 घायल

आगरा। कार सवार दिल्ली से बलिया जा रहे थे और हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डौकी थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी और तीनों मृतक कार से उछलकर एक्सप्रेस-वे के नीचे खाई में जा गिरे थे।
डिवाइडर से टकराने के बाद 4-5 बार पलटी कार
पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण क्रेटा कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार 4-5 बार पलटी खाई और हादसा इतना जोरदार था कि कार का आगे और पीछे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि साइड के हिस्से पिचक गए और पहिए तक अलग हो गए।
ये भी पढ़ें: ईरान को धूल चटाकर रचा इतिहास! 40-34 से जीता एशियन गेम्स फाइनल, पुरुष कबड्डी टीम का 9वां गोल्ड
पिछली सीट पर बैठे तीन लोगों की मौत
हादसे के दौरान पिछली सीट पर बैठे 3 लोग कार से उछलकर एक्सप्रेस-वे से नीचे खाई में जा गिरे। तीनों के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आगे बैठे ड्राइवर और एक व्यक्ति ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे एयरबैग खुलने के बाद दोनों की जान बच गई।
एयरबैग खुलने से ड्राइवर और युवक की बची जान
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार हवा में कई फीट ऊंची उछली और इसके बाद सड़क पर पलटी खाते हुए डिवाइडर से टकरा गई। कार के एयरबैग तुरंत खुल गए और दो लोग सीट के बीच फंस गए, जिससे उनकी जान बच गई।
क्रेन से सड़क से हटाई गई क्षतिग्रस्त कार
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।




















