Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रशासन ने बदली मटर मंडी की जगह, अब शहर में नहीं आएंगी ट्रैक्टर-ट्रॉली

पीडब्ल्यूडी मंत्री के निर्देश पर क्विक एक्शन,जाम से राहत
Follow on Google News
प्रशासन ने बदली मटर मंडी की जगह, अब शहर में नहीं आएंगी ट्रैक्टर-ट्रॉली

जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा दो दिन पहले यातायात व्यवस्था व अतिक्रमण पर ली गई प्रशासन की बैठक के बाद व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है। सोमवार को मटर की खरीद नई मंडी में हुई। इससे शहर में लगने वाले जाम से निजात मिली। अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मटर मंडी के पास स्थित सवा सौ एकड़ भूमि पर सब्जी एवं फल मंडी को शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में मटर मंडी में शेड निर्माण का कार्य भी जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।

कम हुई परेशानी

कुंवरपुर गांव से आए किसान रामेश्वर घुर्रक ने बताया कि वह 80 बोरी मटर बेचने के लिए नई मंडी आए हैं। इससे पहले शहर के अंदर मंडी होने के कारण बहुत परेशानियां होती थीं। लंबे ट्रैफिक जाम में फंसने से किसानों का समय खराब हो जाता था और ईंधन की भी अच्छी खासी खपत हो जाती थी। रामेश्वर ने बताया कि शहर से बाहर मंडी को औरिया में स्थापित करने के प्रशासन के निर्णय से किसानों में खुशी की लहर है। यह निर्णय किसानों के लिए लाभदायक सिद्ध होगा।

लोगों, बस चालकों को राहत

हमेशा जाम की समस्या से बसों के आने जाने में बहुत परेशानी होती थी, मटर मंडी के औरिया जाने से परेशानी से निजात मिल गई है, प्रशासन का अच्छा निर्णय है, इससे किसानों और व्यापारियों को भी परेशानी नहीं होगी। शहरवासियों को राहत मिलेगी। -नसीम बेग, बस ऑपरेटर संघ के कोषाध्यक्ष

कृषि उपज मंडी के पास रहने वाले सभी लोगों को जाम की समस्या से निजात मिली है, मटर के सीजन में वाहनों की लंबी कतार लगी रहती थी, इससे आने जाने में परेशानी होती थी। -शुभम फांसे, निवासी जबलपुर

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts