सोहागपुर :शोभापुर के अभिज्ञान का इसरो में सिलेक्शन, ऑल इंडिया-2 रैंक हासिल की, गांव में जश्न का माहौल

सोहागपुर। नर्मदापुरम जिले के शोभापुर क्षेत्र के होनहार युवा अभिज्ञान पुरोहित ने ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल कर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में साइंटिस्ट (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। अभिज्ञान की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
अभिज्ञान का सपना देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष सैटेलाइट विकसित करना है। उनका कहना है कि भविष्य में वे ऐसे नवाचार पर कार्य करेंगे, जिससे देश की सुरक्षा को और सशक्त बनाया जा सके।
शेक्षणिक भ्रमण से मिली प्रेरणी
अभिज्ञान की वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा नवोदय विद्यालय में अध्ययन के दौरान मिली। भुवनेश्वर स्थित ओडिशा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र के शैक्षणिक भ्रमण ने उनके जीवन की दिशा तय कर दी। वहां वैज्ञानिकों का कार्य देखकर उन्होंने ठान लिया कि वे भी इसी क्षेत्र में करियर बनाएंगे और देश के लिए कुछ नया करेंगे।
अभिज्ञान के पिता राजेश पुरोहित सोहागपुर विकासखंड के कोहानी गांव में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता पीयूष पुरोहित निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। परिवार के शैक्षणिक माहौल ने उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बचपन से पढ़ाई में तेज, कई संस्थानों की परीक्षा पास की
अभिज्ञान बचपन से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा पिपरिया के सेंट जोसेफ स्कूल से प्राप्त की, इसके बाद नवोदय विद्यालय से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। बीटेक के बाद उन्होंने गेट की तैयारी करते हुए विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों की परीक्षाओं में भाग लिया।
यह भी पढ़ें: ना एसी, ना कूलर… सिंधिया ने जेब से निकाला गर्मी से बचने का फॉर्मूला! लोग रह गए दंग
इसरो में साइंटिस्ट इलेक्ट्रिकल इंजीनियर पद के लिए आयोजित तीन चरणों की कठिन परीक्षा को सफलतापूर्वक पार कर उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल की। हाल ही में घोषित परिणाम ने उनके वर्षों के परिश्रम को सफलता में बदल दिया।
गांव में जश्न का माहौल, विधायक- एसडीएम ने बधाई दी
जैसे ही अभिज्ञान के चयन की खबर गांव और क्षेत्र में पहुंची, परिवार, मित्रों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाई बांटकर और शुभकामनाएं देकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से अभिज्ञान और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और अभिज्ञान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सोहागपुर एसडीएम प्रियंका भल्लावी एस डी ओ पी संजू चौहान समाजसेवी कन्नूलाल अग्रवाल नगर पंचायत अध्यक्ष लता यशवंत पटेल ने भी अभिज्ञान के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाइयां दी है। अभिज्ञान की यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी पहचान बना सकते हैं।











