सीहोर: शिकायतों के साए में बदले मंडी टीआई, सुनील मेहर लाइन अटैच; अर्चना चौहान बनीं नई थाना प्रभारी

सीहोर। पुलिस महकमे में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहर को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह निरीक्षक अर्चना चौहान को मंडी थाने की नई कमान सौंपी गई है। इस निर्णय के बाद पूरे जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शिकायतों के बाद हुआ प्रशासनिक बदलाव
सूत्रों के अनुसार मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर के खिलाफ पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। बताया जा रहा है कि विभिन्न मामलों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों ने असंतोष जताया था। इन्हीं शिकायतों के बीच मंगलवार को उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया।
जमीन विवाद का मामला भी रहा चर्चा में
जानकारी के मुताबिक सेवनिया क्षेत्र के एक जमीन विवाद को लेकर स्थानीय लोगों ने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और भोपाल स्थित पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) तक शिकायत पहुंचाई थी। यह मामला लंबे समय से चर्चा में बना हुआ था और इसे लेकर भी मंडी थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे थे। हालांकि इन शिकायतों पर आधिकारिक रूप से कोई सार्वजनिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: हथियार तस्करी का फरार मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 17 केस बदमाश पर
नाकोड़ा फैक्ट्री की संदिग्ध मौत ने भी बढ़ाई थी चर्चा
मंडी क्षेत्र स्थित नाकोड़ा फैक्ट्री में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला भी काफी सुर्खियों में रहा था। इस प्रकरण में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत द्वारा जांच कराई जा रही थी। इस मामले में भी मंडी थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे जिसके चलते यह प्रकरण लगातार चर्चाओं में बना रहा।
नई जिम्मेदारी संभालेंगी अर्चना चौहान
पुलिस अधीक्षक ने मंडी थाने की कमान निरीक्षक अर्चना चौहान को सौंपी है। उनसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम लोगों का विश्वास मजबूत करने की अपेक्षा की जा रही है। थाना प्रभारी बदलने के फैसले को पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: EOW का छापा: मेडिकल विभाग के स्टोरकीपर के कई ठिकानों कार्यवाई ,आय से 110% अधिक संपत्ति मिलने पर कई ठिकानों पर छापे
एएसपी बोले- यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि निरीक्षक सुनील मेहर को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत लाइन अटैच किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई (पनिशमेंट) के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस विभाग ने इसे सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बताया है जबकि शहर में इस बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
Edited By: Sumit Shrivastava












