Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

1,200 पंचायतों के पास खुद का भवन नहीं, इनमें सबसे ज्यादा 44 पंचायतें मंत्री पटेल के जिले में

मप्र में नए भवनों के लिए विभाग ने 442 करोड़ का प्लान बनाया
Follow on Google News
1,200 पंचायतों के पास खुद का भवन नहीं, इनमें सबसे ज्यादा 44 पंचायतें मंत्री पटेल के जिले में

पुष्पेन्द्र सिंह-भोपाल। प्रदेश की ग्राम पंचायतों को अब आधुनिक बनाया जाएगा। इन पंचायतों के भवन पहले से बड़े आकार में होंगे। भवन में सरपंचसचिव सहित अधिकारियों के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे। सामुदायिक भवन भी ऐसे बनेंगे कि यहां बड़ी बैठकें, कार्यशालाएं और कथा आदि के कार्यक्रम हो सकेंगे जिससे पंचायतों की आय में बढ़ोत्तरी होगी। नए भवनों के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ने 442 करोड़ का प्लान बनाया है।

राशि पंचायतराज संचालनालय से मांगी गई है। प्रदेश में आज भी 23 हजार ग्राम पंचायतों में से 1,215 भवन विहीन हैं। सबसे ज्यादा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के नरसिंहपुर जिले में 44 ग्राम पंचायतों के पास खुद के भवन नहीं हैं। मंत्री राकेश शुक्ला के जिले भिंड में भी यही हाल है।

अब, हर पंचायत भवन की लागत 38 लाख रु. तक

एक पंचायत भवन की लागत करीब 38 लाख रुपए होगी और इसके निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को दी गई है। वहीं लागत बढ़ने से ग्राम पंचायतें निर्माण एजेंसी बनने से बाहर हो जाएंगी क्योंकि इन्हें 25 लाख रुपए तक निर्माण कराने का प्रावधान है।

डोम की तरह बनाए जाएंगे 350 सामुदायिक भवन

प्रदेश में 350 सामुदायिक भवन तीन तरह के बनाने का भी प्लान है। बड़ा भवन 6 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनेगा। इसकी लागत 50 लाख से अधिक की होगी। 4,500 और 2 हजार वर्गफीट के भी भवन बनाए जाएंगे। बड़े भवन ऐसे होंगे जहां खेलकूद, वैवाहिक कार्यक्रम और कथा आयोजन भी हो सकेंगे। यह भवन डोम की तरह बनाए जाएंगे। यह चारों ओर से खुला होगा तथा चारों तरफ हरियाली होगी।

यहां 2021 में हो चुकी शुरुआत

कटनी जिले की पंचायतों नए मॉडल के भवन बनाने की शुरुआत 2021 में हुई थी। तत्कालीन जिपं सीईओ जगदीश चंद्र गोमे ने शुरुआत की थी। आधा दर्जन पंचायतों में इन मॉडलों के भवन बनाए गए थे।

इन मंत्रियों के जिलों में सबसे ज्यादा भवन विहीन पंचायतें

जिला          कार्य संख्या       मंत्री जिला नरसिंहपुर        44             प्रहलाद पटेल भिंड               44             राकेश शुक्ला राजगढ़-          43             नारायण पंवार बालाघाट         42             नागर सिंह चौहान जबलपुर          41             राकेश सिंह सागर              39             गोविंद राजपूत

पहले चरण में बनेंगे 400 पंचायत भवन

  • 2000 वर्ग फीट में होगा एक पंचायत भवन का निर्माण।
  • 3000 वर्ग फीट का 1 क्लस्टर हेड क्वार्टर भी बनाया जाएगा जिसमें एक अतिरिक्त कक्ष होगा।
  • 50 लाख रुपए होगी क्लस्टर हेड क्वार्टर की लागत।
  • 50 साल तक टिकाऊ रहेंगे भवन।

अटलजी के जन्म दिन पर भूमिपूजन का टारगेट

नए पंचायत भवन और सामुदायिक भवनों के निर्माण का प्लान तैयार हो चुका है। पूरी कोशिश है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिन 25 दिसंबर को भूमिपूजन हो सके और अगले साल 25 दिसंबर को नए भवन में ग्राम सभा हो। सामुदायिक भवन की डिजाइन ऐसी है कि आगे चलकर दो मंजिला बनाया जा सकेगा। - प्रहलाद पटेल, मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts