Zero Shadow Day :मध्य प्रदेश के 14 जिलों में महा-खगोल उत्सव, परछाई गायब होने का यह है राज...

भोपाल। आज 21 जून को मध्यप्रदेश के 14 जिलों के कर्क रेखा पर स्थित नगरों एवं स्थानों पर सूर्य अपनी उत्त्रायण यात्रा पूरी करने जा रहा है। 6 महीने पहले 21 दिसम्बर से आरंभ हुई यात्रा का 21 जून को दोपहर 1 बजकर 57 मिनिट पर समापन होगा। इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुये नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि कर्क रेखा पर स्थित स्थानों में स्थानीय दोपहर के समय सूर्य बिल्कुल सिर के उपर होगा जिससे इन स्थानों पर कुछ पलों के लिए सीधे खड़े व्यक्ति या किसी खंभे की परछाई गायब हो जाएगी। इस खगोलीय घटना को जीरो शैडो डे कहा जाता है। यह खगोलीय चमत्कार पूरे प्रदेश मे नहीं होगा बल्कि केवल कर्क रेखा में आने वाले स्थानों पर ही सीमित रहेगा ।
साल में सबसे लंबी अवधि का दिन और सबसे छोटी रात
21 जून का यह दिवस इसलिए भी खास है कि क्योंकि यह इस साल का सबसे लंबी अवधि का दिन और सबसे छोटी रात भी रहेगी। सारिका घारू ने बताया कि 21 जून को सूर्य उत्त्री गोलार्द्ध मे अपनी चरम सीमा पर होगा जिसे वैज्ञानिक भाषा मे समर सॉल्सटिस कहा जाता है। सारिका ने प्रदेश के कर्क रेखा के आसपास रहने वाले आम लोगों और बच्चों से अपील की है कि वे इस खगोल उत्सव को अवश्य मनाएं।

जीरो शैडो देखने के लिए किसी उपकरण की जरूरत नहीं
उन्होंने बताया कि इसे देखने के लिए किसी उपकरण की आवश्यकता नहीं है। अपने जिले के निर्धारित समय के कुछ देर पहले खुली धूप वाली जगह या छत पर जाएं। वहां एक पीवीसी पाइप, पानी की बोतल या लकड़ी के डंडे को समतल जमीन पर सीधा खड़ा करें या स्वयं सीधे खड़े हों। ठीक सोलर नून के समय वस्तु और आपकी खुद की परछाई आपके पैरों के नीचे सिमटकर पूरी तरह छिप जाएगी।
ये भी पढ़ें: फादर्स डे स्पेशल: किडनी फेलियर से जूझ रहे बेटे-बेटियों के लिए बने जीवनदाता, अंगदान में पिता का ऐसा त्याग आज भी दुर्लभ
मप्र के इन 14 जिलों के स्थानों पर गायब होगी परछाई
जिले का नाम स्थानीय सोलरनून का समय
- शहडोल दोपहर 12 बजकर 06 मिनट
- उमरिया दोपहर 12 बजकर 09 मिनट
- कटनी दोपहर 12 बजकर 10 मिनट
- जबलपुर दोपहर 12 बजकर 12 मिनट
- दमोह दोपहर 12 बजकर 12 मिनट
- सागर दोपहर 12 बजकर 16 मिनट
- रायसेन दोपहर 12 बजकर 20 मिनट
- विदिशा दोपहर 12 बजकर 20 मिनट
- भोपाल दोपहर 12 बजकर 22 मिनट
- सीहोर दोपहर 12 बजकर 23 मिनट
- राजगढ़ दोपहर 12 बजकर 25 मिनट
- आगरमालवा दोपहर 12 बजकर 27 मिनट
- उज्जैन दोपहर 12 बजकर 28 मिनट
- रतलाम दोपहर 12 बजकर 31 मिनट












