एंटरटेनमेंट डेस्क। इंडियन क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा ने तलाक की खबरों पर मुहर लगा दी है। दोनों ने बांद्रा स्थित एक फैमिली कोर्ट में तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली है। कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद आधिकारिक तौर पर अलग होने का फैसला किया। चहल और धनश्री की शादी 11 दिसंबर 2020 को गुरुग्राम में हुई थी।
बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर नजर आए कपल
बांद्रा की एक फैमिली कोर्ट के वकील ने जानकारी दी है कि गुरुवार को अंतिम सुनवाई और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हुई, जिसमें दोनों सुबह 11:00 बजे से मौजूद थे। सुनवाई के दौरान जज ने कपल को काउंसलिंग सेशन में शामिल होने का निर्देश दिया। ये सेशन करीब 45 मिनट तक चला। बताया जा रहा है कि कम्पैटिबिलिटी संबंधित मुद्दों की वजह से दोनों ने तलाक लेने का फैसला लिया। चहल और धनश्री करीब 18 महीने से अलग रह रहे थे। फिलहाल अभी तक दोनों ने तलाक को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तलाक से दोनों हैं खुश
दोनों ने हाल ही में सोशल मीडिया पर स्टोरी शेयर की थी, जिससे उनके निजी जीवन में चल रहे मनमुटाव का अंदाजा लगाया जा सकता है। चहल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था कि ‘भगवान मुझे जितना बचा सकते थे, उससे ज्यादा बचाया है।’
वहीं, धनश्री वर्मा ने लिखा था कि ‘भगवान आपकी चिंताओं को खुशियों में बदल सकते हैं। अगर आप किसी बात को लेकर तनाव में हैं, तो जान लें कि आपके पास इसके विकल्प हैं।’ स्टोरी देख कर कहा जा सकता है कि दोनों ही एक-दूसरे से अलग होने पर खुश हैं।
दोनों ने सोशल मीडिया पर किया था एक-दूसरे को अनफॉलो
युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा के बीच तलाक की खबर तब सामने आई जब दोनों ने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया था। चहल ने अपने इंस्टाग्राम से धनश्री के साथ सभी तस्वीरें भी हटा दीं थी। वहीं धनश्री ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से चहल सरनेम हटा दिया था। इसके बाद से ही दोनों के तलाक की अटकलें तेज हो गई थी।
टीम से बाहर चल रहे चहल
युजवेंद्र चहल टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। फिलहाल वह अभी टीम इंडिया से बाहर हैं। चहल ने जनवरी 2023 में भारत के लिए आखिरी वनडे, जबकि अगस्त 2023 में आखिरी टी-20 खेला था। इसके साथ उन्हें IPL में पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ में खरीदा है।